द. एस. डी. पब्लिक स्कूल में 80 वें स्वतंत्रता दिवस की धूम

मुजफ्फरनगर: दिनांक 15/ 8/ 2026 दिन शनिवार द. एस. डी. पब्लिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर देश प्रेम की भावना से ओतप्रोत रहा। आज का दिन प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव व सम्मान का दिन है।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8:00 बजे विशिष्ठ अतिथि माननीय सपना कुमार जी और विद्यालय प्रधानाचार्या श्रीमती नीलम माहना जी द्वारा ध्वजारोहण के साथ किया गया। इस शुभ अवसर पर विद्यालय प्रांगण में विद्यार्थियों द्वारा अनेक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति की गई, साथ ही विद्यार्थियों में देश प्रेम और उत्साह जागृत करने के लिए नारे एवं रैली का भी आयोजन किया गया। जिसने सभी को मंत्रमुग्ध कर, सभी के हृदय में देशभक्ति के भाव का संचार किया।
इस अवसर पर श्रीमती सपना कुमार ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि स्वतंत्रता का वास्तविक अर्थ केवल बाहरी बंधनों से मुक्ति नहीं, बल्कि स्वयं के भीतर व्याप्त बुराइयों पर विजय प्राप्त करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को क्रोध पर नियंत्रण रखने, सकारात्मक सोच विकसित करने तथा अपने व्यक्तित्व को श्रेष्ठ मूल्यों से समृद्ध करने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्या महोदया ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारे कर्तव्यों का स्मरण भी कराती है। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर आज हमें अनैतिक भाषा नकारात्मक विचारों, और अस्वच्छता से आज़ादी प्राप्त करनी है। हमें मोबाइल के दुरुपयोग और उसके अत्यधिक आकर्षण से स्वयं को मुक्त कर उसका उपयोग ज्ञान और सृजनात्मक कार्यों के लिए करना है।
हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस स्वतंत्र भारत का सपना देखा था, उसे साकार करना हमारी जिम्मेदारी है। उनके त्याग और बलिदान को केवल याद करना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उनके आदर्शों और मूल्यों को अपने जीवन में अपनाकर उनकी विरासत को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। आइए, हम संकल्प लें कि एक जागरूक, अनुशासित, जिम्मेदार और संस्कारवान नागरिक बनकर अपने देश की प्रगति में योगदान देंगे।