दूध उत्पादन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पशुपालकों को मिला बड़ा सम्मान, 6 लाख से अधिक बांटे पुरस्कार

दूध उत्पादन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पशुपालकों को मिला बड़ा सम्मान, 6 लाख से अधिक बांटे पुरस्कार

हरित प्रदेश दुग्ध उत्पादक संस्था द्वारा NH 58 स्थित गुप्ता रिजॉर्ट में किया गया भव्य कार्यक्रम 


मुजफ्फरनगर :  21 अगस्त 2026 क्षेत्र में पशुपालन, दुग्ध उत्पादन तथा पशुओं की नस्ल सुधार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड डेयरी सर्विसेज एवं हरित प्रदेश दुग्ध उत्पादक संस्था द्वारा आयोजित दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता के विजेताओं का सम्मान समारोह आज गुप्ता रिजॉर्ट, मुजफ्फरनगर में आयोजित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. रघु मालेगोड़ा, एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर एनडीडीबी डेयरी सर्विसेज रहे। कार्यक्रम में डॉ. वीनू सोढ़ी, डॉ. नरेंद्र बाघा, एक्सपर्ट डायरेक्टर तथा डॉ. हितेश पूनिया, सीईओ, हरित प्रदेश मिल्क प्रोड्यूसर संस्था, तथा संस्था की चैयरपर्सन श्रीमती अंजू देवी सहित अन्य गणमान्य अतिथि एवं पशुपालक उपस्थित रहे।
दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता के अंतर्गत उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादन करने वाले पशुपालकों का चयन विभिन्न श्रेणियों में किया गया। चयनित विजेताओं को ₹1 लाख, ₹51,000 सहित अन्य पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। कुल छः लाख से अधिक की पुरस्कार राशि को वितरित किया गया। अतिथियों ने विजेता पशुपालकों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रयासों की सराहना की।
मुख्य अतिथि डॉ. रघु मालेगोड़ा ने कहा कि दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ पशुओं की गुणवत्तापूर्ण नस्ल, वैज्ञानिक पशुपालन एवं संतुलित पशु आहार पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पशुपालकों को आधुनिक तकनीक एवं विशेषज्ञों की सलाह से जोड़कर दुग्ध उत्पादन तथा पशुपालकों की आय में वृद्धि की जा सकती है। उन्होंने हरित प्रदेश संस्था के प्रयासों की सराहना की  उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट पशुपालकों को प्रोत्साहित करने वाली ऐसी प्रतियोगिताएं अन्य पशुपालकों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं।
हरित प्रदेश दुग्ध उत्पादक संस्था के सीईओ डॉ. हितेश पूनिया ने कहा कि संस्था का उद्देश्य क्षेत्र के पशुपालकों को उन्नत पशुपालन तकनीकों, बेहतर नस्ल एवं अधिक दुग्ध उत्पादन के लिए निरंतर प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि संस्था भविष्य में भी पशुपालकों के हित में प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं एवं अन्य प्रोत्साहन कार्यक्रमों को आगे बढ़ाएगी।
समारोह में विजेता पशुपालकों ने पुरस्कार एवं सम्मान के लिए आयोजकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के माध्यम से क्षेत्र में वैज्ञानिक पशुपालन, नस्ल सुधार एवं दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *