कोरोना की संभावित स्थिति से निपटने को तैयार रहें दवा व्यापारी: सुभाष चौहान

कहा- पहले से ही रखें जरूरी दवाओं का स्टाक, जनपदवासियों को न होने दें कोई परेशानी
दवा व्यापारियों के सामने आ रही समस्याओं का जल्द कराया जायेगा समाधान
मुजफ्फरनगर : देशभर में कोरोना ने एक बार पुन: दस्तक देनी शुरू कर दी है। नोएडा में 9 नये मामले सामने आने के बाद यूपी में कोरोना के 15 मामले हो गये हैं, जिसके बाद मुजफ्फरनगर कैमिस्ट एण्ड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सुभाष चौहान ने दवा व्यापारियों की बैठक में कहा कि कोरोना की संभावित स्थिति के मद्देनजर दवा व्यापारियों को जरूरी स्टाक पहले से ही सुनिश्चित कर लेना चाहिए, ताकि जनपदवासियों को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हो। इसके अलावा भी बैठक में अनेक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।

मिली जानकारी के अनुसार जिला परिषद् मार्केट में स्थित मैक्स एंटरप्राईजेज पर मुजफ्फरनगर कैमिस्ट एण्ड ड्रगिस्ट एसोसिएशन की बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें अनेक पदाधिकारी एवं दवा व्यापारी शामिल रहे। बैठक में देशभर में कोरोना की पुन: वापसी पर गहरी चिंता व्यक्त की गई। इस मौके पर मुजफ्फरनगर कैमिस्ट एण्ड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सुभाष चौहान ने कहा कि देशभर में कोरोना के लगभग एक हजार मामले सामने आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि नोएडा में 9 नये मामले सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश में कोरोना के 15 केस सामने आये हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना के दिन प्रतिदिन बढते मामलों को लेकर दवा व्यापारियों को अपनी तैयारियां पहले से ही पूरी कर लेनी चाहिए और जरूरी दवाओं का स्टाक पहले से ही सुनिश्चित कर लेना चाहिए, ताकि किसी भी जनपदवासी को कोई परेशानी नहीं हो। उन्होंने सख्त हिदायत दी कि दवाओं के स्टाक के अभाव में कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं होगी और मरीजों को उचित मूल्य पर ही दवाएं उपलब्ध करानी होंगी। बैठक में दवा लाईसेंस के नवीनीकरण में जो दिक्कतें सामने आ रही हैं, उस पर भी गहनता के साथ विचार-विमर्श किया गया। सुभाष चौहान ने सभी दवा व्यापारियों को आश्वासन दिया कि कम्पनियों के स्तर पर अगर कोई समस्या है और यदि विभागीय स्तर पर भी कोई समस्या है तो उसका समाधान अवश्य कराया जायेगा। इस अवसर पर संस्था के संस्थापक चेयरमैन प्रमोद मित्तल, संरक्षक डॉ. आर.के. गुप्ता, दिव्य प्रताप सोलंकी, सतीश तायल, पंकज तनेजा, मनीष गर्ग, कुलदीप शर्मा, संदीप शर्मा, मुकेश शर्मा आदि पदाधिकारी और दवा व्यापारी उपस्थित रहे।