द. एस. डी. पब्लिक स्कूल में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों हेतु आशीर्वाद समारोह का किया गया आयोजन
‘आशीर्वाद वह शक्ति होती है जो भविष्य का मार्ग प्रशस्त करती है।
आज दिनांक 11 फरवरी 2026 को द. एस. डी. पब्लिक स्कूल में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशीर्वाद समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों द्वारा किया गया। सर्वप्रथम 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों का टीका लगाकर स्वागत- अभिनंदन किया। विद्यार्थियों द्वारा अनेक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसका प्रारंभ दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसी श्रृंखला को आगे बढा़ते हुए कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों द्वारा अपने-अपने अनुभव प्रस्तुत किए गए, जिसमें उन्होंने शिक्षक एवं शिक्षिकाओं द्वारा समय-समय पर दिए गए मार्गदर्शन के लिए आभार प्रकट किया तथा विद्यालय की शिक्षा पद्धति और संस्कार को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि यहाँ का सकारात्मक वातावरण उन्हें सदैव उत्साहित करता रहा। यहाँ व्यतीत किया गया समय उनके जीवन की अमूल्य धरोहर है, जिसे वे आजीवन संजोकर रखेंगे।
विद्यालय निर्देशिका श्रीमती चंचल सक्सेना ने विद्यार्थियों को सकारात्मक रहने और आत्मविश्वास के साथ हर चुनौती का सामना करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि दृढ़ता, आत्मविश्वास और आशावाद सफलता कुंजी है
विद्यालय प्रधानाचार्या श्रीमती नीलम माहना ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनसे अल्बर्ट आइंस्टीन की एक प्रेरक कहानी साझा की जिससे कि शैक्षिक उत्कृष्टता के साथ-साथ मजबूत मूल्यों को विकसित करने के महत्व पर भी प्रकाश डाला जा सके। उन्होंने प्रबंधन और विद्यालय की ओर से विद्यार्थियों को आशीर्वाद दिया और विद्यार्थियों से लक्ष्य के प्रति केंद्रित और शांत बने रहने का आग्रह किया। विद्यालय की ओर से सभी शिक्षक- शिक्षिकाओं द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट कर कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों की भावपूर्ण विदाई की गई।