ढोंगी बाबा का काला खेल: अनुष्ठान के नाम पर तीन की जान ली
धनवर्षा’ का लालच बना था मौत का कारण, स्वयंभू तांत्रिक गिरफ्तार

दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में हुए सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड का बाहरी जिला पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने स्वयंभू तांत्रिक कमरुद्दीन उर्फ बाबा को गिरफ्तार किया है। उस पर आरोप है कि उसने “धनवर्षा” कराने और तांत्रिक अनुष्ठान के नाम पर तीन लोगों को झांसे में लेकर जहरीला पदार्थ खिलाया, जिससे उनकी मौत हो गई। यह कार्रवाई जॉइंट सीपी वेस्टर्न रेंज जतीन नरवाल के नेतृत्व और डीसीपी आउटर सचिन शर्मा की निगरानी में की गई।
घटना 8 फरवरी 2026 की है। थाना पश्चिम विहार ईस्ट में डीडी नंबर 55ए के तहत एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई,
जिसमें सूचना दी गई कि एक सफेद कार में तीन लोग बेहोश पड़े हैं। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। कार में 76 वर्षीय रणधीर ड्राइविंग सीट पर, 42 वर्षीय शिव नरेश बाहर निकाले गए हालत में और 40 वर्षीय लक्ष्मी कार के भीतर अचेत अवस्था में मिले। तीनों को तुरंत संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों के परिजनों ने आत्महत्या की आशंका से इनकार करते हुए हत्या की संभावना जताई, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान कार से शराब की बोतलें, कोल्ड ड्रिंक, खाली गिलास, मोबाइल फोन, नकदी और कुछ दस्तावेज बरामद किए गए। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) का विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि तीनों मृतक घटना से एक दिन पहले और घटना वाले दिन लोनी (गाजियाबाद) गए थे, जहां वे कमरुद्दीन नामक तांत्रिक के संपर्क में थे। तकनीकी साक्ष्यों से यह भी संकेत मिला कि वापसी के दौरान कार में एक अतिरिक्त व्यक्ति मौजूद था, जो बाद में घटना स्थल के पास उतर गया। पुलिस ने उसकी पहचान कमरुद्दीन के रूप में की।
पूछताछ में आरोपी ने कथित रूप से खुलासा किया कि लगभग दो महीने पहले लक्ष्मी का संपर्क उससे जहांगीरपुरी निवासी सलीम के माध्यम से हुआ था। बाद में उसने शिव नरेश और रणधीर को भी उससे मिलवाया। आरोपी ने तीनों को विश्वास दिलाया कि विशेष तांत्रिक अनुष्ठान से धनवर्षा कराई जा सकती है। इसके लिए उसने उनसे करीब दो लाख रुपये नकद, शराब और कोल्ड ड्रिंक लाने को कहा। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले से जहरीले लड्डू तैयार कर लाया था। यात्रा के दौरान उसने शराब और कोल्ड ड्रिंक के साथ वही लड्डू खिलाए। तीनों के अचेत होने पर वह कथित रूप से नकदी लेकर फरार हो गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार कमरुद्दीन के खिलाफ पहले भी गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें राजस्थान और उत्तर प्रदेश में हत्या सहित अन्य धाराएं शामिल हैं। फिलहाल थाना पश्चिम विहार ईस्ट में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच जारी है।
दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी स्वयंभू तांत्रिक या चमत्कार के नाम पर लालच देने वाले व्यक्तियों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।