पीजेंट के चेयरमैन अशोक बालियान का गन्ना उत्पादों के लिए वैक्यूम फ्रीज ड्राइंग तकनीक पर अध्ययन हेतु IIT गुवाहाटी का दौरा-

किसानों की आय बढ़ाने एवं कृषि उत्पादों में वैल्यू एडिशन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पीजेंट वेलफेयर एसोसिएशन के चेयरमैन अशोक बालियान के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल द्वारा Indian Institute of Technology Guwahati का शैक्षणिक एवं तकनीकी दौरा किया जा रहा है। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य गन्ने जैसे कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण में उपयोगी उन्नत तकनीक वैक्यूम फ्रीज ड्राइंग (VFD)/लायोफिलाइजेशन का अध्ययन करना है।इस प्रतिनिधिमंडल में अश्विन चौधरी व विशाल चाहल शामिल है।
अशोक बालियान ने बताया कि यह तकनीक पारंपरिक सुखाने की विधियों की तुलना में कहीं अधिक प्रभावी है, क्योंकि इसमें उत्पाद को उच्च तापमान पर नहीं पकाया जाता, जिससे गन्ने के रस में मौजूद पोषक तत्व, प्राकृतिक स्वाद, रंग एवं एंजाइम सुरक्षित रहते हैं। इस प्रक्रिया से गन्ने के रस को पाउडर के रूप में तथा गन्ने के टुकड़ों को क्रिस्पी हेल्थ स्नैक्स के रूप में तैयार किया जा सकता है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में काफी मांग है।
उन्होंने कहा कि वैक्यूम फ्रीज ड्राइंग तकनीक के माध्यम से तैयार उत्पादों की शेल्फ लाइफ लंबी होती है और इन्हें बिना किसी प्रिजर्वेटिव के सामान्य तापमान पर सुरक्षित रखा जा सकता है। इससे किसानों को अपने उत्पाद का बेहतर मूल्य मिल सकेगा तथा निर्यात के नए अवसर खुलेंगे।
इस अवसर पर यह भी जानकारी दी गई कि भारत सरकार की PMFME Scheme के तहत ऐसे फूड प्रोसेसिंग प्रोजेक्ट्स के लिए 35% तक की सब्सिडी उपलब्ध है, जिससे इस तकनीक को अपनाने में आर्थिक सहायता मिल सकती है।
प्रतिनिधिमंडल द्वारा IIT गुवाहाटी में मशीनरी, ऊर्जा खपत, उत्पाद गुणवत्ता, पैकेजिंग एवं व्यावसायिक संभावनाओं का विस्तृत अध्ययन किया जाएगा, ताकि भविष्य में किसानों के लिए एक व्यवहारिक एवं लाभकारी बिजनेस मॉडल विकसित किया जा सके।
अंत में अशोक बालियान ने कहा कि यह पहल गन्ना किसानों के लिए एक नई दिशा साबित होगी और “गन्ने को केवल चीनी उत्पादन तक सीमित रखने के बजाय उसे वैल्यू एडेड उत्पादों के रूप में वैश्विक बाजार तक पहुंचाने” का मार्ग प्रशस्त करेगी।