प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर भाजपा नेता नितिन मलिक ने ई-रिक्शा से किया 56 किमी का ग्रामीण दौरा

मुजफ्फरनगर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से “तेल बचाओ – ईंधन बचाओ” का आह्वान किए जाने के बाद भाजपा नेता नितिन मलिक ने एक अनूठी पहल करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा ई-रिक्शा से किया। उन्होंने अपने शाकुन्तलम् स्थित आवास से ग्राम सोंहजनी तगान और पुरबालियान तक लगभग 56 किलोमीटर की यात्रा ई-रिक्शा से तय कर सादगी, जनसंवेदनशीलता और देशहित का संदेश दिया।
भाजपा नेता नितिन मलिक ने बताया कि पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे तनाव का असर तेल की सप्लाई पर पड़ रहा है, जिससे भारत को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से तेल और ईंधन की बचत करने की अपील की है, ताकि देश आर्थिक रूप से मजबूत बना रहे। इसी संकल्प को लेकर उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों से संवाद किया और ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
ग्रामीण दौरे के दौरान नितिन मलिक ने लोगों से कहा कि “भारत का नुकसान हम सबका नुकसान है।” उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि हर व्यक्ति छोटे-छोटे प्रयासों से देश को मजबूत बनाने में योगदान दे सकता है। यदि हम ईंधन की बचत करेंगे तो इससे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को भी बल मिलेगा।
दौरे के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और जनसंपर्क किया। खास बात यह रही कि बुढ़ाना में इंडियन ऑयल कंपनी के पेट्रोल पंप के स्वामी होने के बावजूद नितिन मलिक ने निजी हितों से ऊपर उठकर देशहित में तेल बचाने का संदेश दिया। उनकी यह पहल लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है और क्षेत्र में इसे सकारात्मक कदम के रूप में देखा जा रहा है।