भारत विकास परिषद् मैन शाखा मुजफ्फरनगर का 39वां दायित्व बोध समारोह सम्पन्न, “सर्वश्रेष्ठ शाखा” सम्मान से नवाजी गई टीम

भारत विकास परिषद् मैन शाखा मुजफ्फरनगर का 39वां दायित्व बोध समारोह सम्पन्न, “सर्वश्रेष्ठ शाखा” सम्मान से नवाजी गई टीम


मुजफ्फरनगर:  भारत विकास परिषद् मैन शाखा मुजफ्फरनगर का 39वां दायित्व बोध समारोह मंगलम गोल्ड वेंकट हॉल में गरिमामय वातावरण के बीच आयोजित किया गया। समारोह में परिषद् के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं विभिन्न शाखाओं से आए अतिथियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को भव्य स्वरूप प्रदान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत, वंदे मातरम् गीत एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर प्रांतीय पदाधिकारी अनुराग दुबलिश, सरल माधव, आलोक भटनागर, मुकेश चन्द्र गुप्ता एवं प्रवीण गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का पारंपरिक तरीके से अंगवस्त्र पहनाकर सम्मान किया गया।
समारोह के दौरान भारत विकास परिषद् मैन शाखा मुजफ्फरनगर को “सर्वश्रेष्ठ शाखा” के प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान शाखा अध्यक्ष संजय मिश्रा की टीम को उनकी उत्कृष्ट कार्यशैली, सामाजिक गतिविधियों एवं संगठनात्मक मजबूती के लिए प्रदान किया गया। इस टीम में नवनीत गुप्ता, नीरज सिंघल एवं डॉ. अंजलि गर्ग की विशेष भूमिका रही।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी सभी का मन मोह लिया। प्रसिद्ध गायक राजीव त्रीखा द्वारा प्रस्तुत गीतों को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। इसके अलावा नए सदस्यों एवं दायित्व धारियों का शपथ ग्रहण एवं स्वागत समारोह भी सम्पन्न हुआ, जिसमें संगठन के प्रति समर्पण और सामाजिक सेवा का संकल्प दिलाया गया।
नए दायित्व धारियों में के.पी. राठी, पुरुषोत्तम सिंघल, डॉ. अंजलि गर्ग, सुनीता शाह, ओ.डी. शर्मा, प्रीति वर्धन शर्मा, बृजेश आत्रेय, ब्रजमोहन शर्मा, मनीष गर्ग, विनीत गुप्ता, अरुण मित्तल एवं अनिल शर्मा सहित अनेक पदाधिकारियों ने जिम्मेदारियां संभालीं। कार्यक्रम में विभिन्न शाखाओं के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष एवं प्रांतीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
समारोह के दौरान संजय मिश्रा, हर्षवर्धन जैन एवं अशोक सिंघल द्वारा सभी अतिथियों का सम्मान किया गया। अंत में सभी उपस्थितजनों ने राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *