श्री हनुमान मंदिर में हुआ अखिल भारतीय हिंदू शक्ति दल के 40वें विशाल कांवड़ सेवा शिविर का भव्य समापनमंत्री कपिल देव अग्रवाल बोले – एक रहेंगे तो मजबूत रहेंगे, सनातन की शक्ति हमारी एकता में है

श्री हनुमान मंदिर में हुआ अखिल भारतीय हिंदू शक्ति दल के 40वें विशाल कांवड़ सेवा शिविर का भव्य समापनमंत्री कपिल देव अग्रवाल बोले – एक रहेंगे तो मजबूत रहेंगे, सनातन की शक्ति हमारी एकता में है


मुजफ्फरनगर। झांसी की रानी रोड स्थित श्री हनुमान मंदिर परिसर में अखिल भारतीय हिंदू शक्ति दल द्वारा आयोजित 40वें विशाल कांवड़ सेवा शिविर का भव्य समापन हुआ। सात दिनों तक लगातार 24 घंटे संचालित इस सेवा शिविर में हजारों शिवभक्त कांवड़ियों को भोजन, चाय, दूध, शीतल जल, चिकित्सा सहायता, विश्राम तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं निःस्वार्थ भाव से उपलब्ध कराई गईं। समापन समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि अखिल भारतीय हिंदू शक्ति दल द्वारा वर्षों से संचालित यह सेवा शिविर समाज सेवा, मानवता और सनातन संस्कृति के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान जिस प्रकार सभी लोग जाति, वर्ग और क्षेत्र से ऊपर उठकर भगवान शिव के भक्तों की सेवा में एकजुट होकर कार्य करते हैं, वही भावना पूरे समाज में बनी रहनी चाहिए।

उन्होंने कहा, “हम सबकी सबसे बड़ी ताकत हमारी एकता है। जब हम संगठित रहते हैं तो समाज और राष्ट्र दोनों मजबूत होते हैं। जातीय भेदभाव और आपसी मतभेदों को समाप्त कर हमें सनातन संस्कृति की रक्षा और उसके गौरव को बढ़ाने के लिए एकजुट होकर कार्य करना चाहिए। एक रहेंगे तो मजबूत रहेंगे और हमारी यही एकता सनातन की सबसे बड़ी शक्ति बनेगी।” उन्होंने शिविर के सभी आयोजकों एवं सेवार्थियों को सफल आयोजन के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।

वरिष्ठ भाजपा नेता सुभाष चौहान ने कहा कि कांवड़ सेवा केवल श्रद्धा का नहीं बल्कि सामाजिक समरसता का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा, “सनातन समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकता और संगठन में है। हमें जातीय विद्वेष और ऊंच-नीच से ऊपर उठकर समाज और राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए। जब पूरा हिंदू समाज एकजुट रहेगा तभी सनातन संस्कृति और अधिक सशक्त होगी।”

वरिष्ठ भाजपा नेत्री ममता अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि सामाजिक जीवन में अपने पारिवारिक और बिरादरी के रिश्तों का सम्मान करना हमारी परंपरा है, लेकिन जब सनातन धर्म, राष्ट्र और हिंदुत्व की बात हो तो सभी भेदभाव भुलाकर एक मंच पर खड़ा होना चाहिए। उन्होंने कहा, “सामाजिक रिश्ते अपनी जगह महत्वपूर्ण हैं, लेकिन सनातन सबसे ऊपर है। जब धर्म और संस्कृति की रक्षा का विषय आए तो हम सबको जाति और बिरादरी से ऊपर उठकर एकजुट होना चाहिए। हिंदुत्व की मजबूती ही समाज और राष्ट्र की मजबूती है। हमारा संदेश स्पष्ट होना चाहिए—एकता, संगठन और सनातन के प्रति समर्पण।”

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने सात दिनों तक दिन-रात सेवा देने वाले सभी सेवार्थियों का उत्साहवर्धन किया तथा उनके समर्पण और सेवाभाव की मुक्तकंठ से सराहना की।

इस अवसर पर अखिल भारतीय हिंदू शक्ति दल के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण प्रताप सिंह ने सभी अतिथियों, प्रशासन, पुलिस विभाग, चिकित्सकों, सामाजिक संगठनों एवं सेवा कार्य में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ समाज सेवा एवं सनातन हित के कार्य करता रहेगा।

समापन समारोह में शिविर प्रभारी रमेश पंचाल, नगर अध्यक्ष पंकज ठाकुर, हेमंत ग्रोवर, पंकज त्यागी, विपिन त्यागी, सुनील सिंघल, संदीप शर्मा, आशुतोष खन्ना, अंकुर पांचाल, अमित वर्मा सहित अखिल भारतीय हिंदू शक्ति दल के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *