प्राकृतिक चिकित्सा, स्वस्थ भारत की थीम के साथ मनाया गया ‘नेचुरोपैथी डे-2026

प्राकृतिक चिकित्सा, स्वस्थ भारत की थीम के साथ मनाया गया ‘नेचुरोपैथी डे-2026

विद्यार्थियों एवं युवाओं को दिलाई गई ‘नशा मुक्त भारत’ की शपथ, प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व से कराया गया परिचित

मुजफ्फरनगर : 18 नवंबर 2026 : आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार एवं नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ नेचुरोपैथी (NIN) के सहयोग से इंडियन नेचुरोपैथी ऑर्गेनाइजेशन (INO) द्वारा आज होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जड़ौदा में ‘प्राकृतिक चिकित्सा, स्वस्थ भारत’ थीम के साथ नेशनल नेचुरोपैथी डे-2026 मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय की मॉर्निंग असेंबली में ‘आओ जानें प्राकृतिक चिकित्सा’ विषय पर एक विशेष जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित डॉ. राजीव कुमार ने विद्यार्थियों एवं युवाओं को प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व, इसके सिद्धांतों तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के विभिन्न तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत में प्रत्येक वर्ष 18 नवंबर को राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस मनाया जाता है। इसकी शुरुआत वर्ष 2018 में आयुष मंत्रालय द्वारा की गई थी। 18 नवंबर 1945 को महात्मा गांधी अखिल भारतीय प्राकृतिक चिकित्सा फाउंडेशन ट्रस्ट के आजीवन अध्यक्ष बने थे। इसी ऐतिहासिक अवसर की स्मृति में यह दिवस मनाया जाता है। वर्ष 2026 में इस दिवस की थीम ‘प्राकृतिक चिकित्सा, स्वस्थ भारत’ रखी गई है।

डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि प्राकृतिक चिकित्सा ऐसी स्वास्थ्य पद्धति है, जिसमें संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त विश्राम, योग, प्राणायाम एवं तनाव प्रबंधन के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित किया जाता है। इस पद्धति में प्रकृति के पांच तत्वों—पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश को विशेष महत्व दिया जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को मड थेरेपी, हाइड्रोथेरेपी, आहार चिकित्सा, मसाज थेरेपी, सन थेरेपी तथा योग एवं प्राणायाम जैसी विभिन्न प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों से भी परिचित कराया।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए केवल बीमारियों से बचना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि अपने दैनिक जीवन में अच्छी आदतों, पौष्टिक भोजन, शारीरिक सक्रियता और मानसिक संतुलन को भी स्थान देना आवश्यक है। प्राकृतिक चिकित्सा हमें प्रकृति के करीब रहकर स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन जीने की प्रेरणा देती है।

इस अवसर पर इंडियन नेचुरोपैथी ऑर्गेनाइजेशन (INO), मुजफ्फरनगर के अध्यक्ष श्री प्रवेंद्र दहिया ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं युवाओं को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि युवा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कार एवं सकारात्मक सोच को अपनाएं, तो एक सशक्त और स्वस्थ भारत का निर्माण संभव है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से स्वयं नशामुक्त रहने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को प्राकृतिक चिकित्सा, स्वस्थ जीवनशैली एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का महत्वपूर्ण संदेश दिया गया।

इस जागरूकता कार्यक्रम के सफल आयोजन में  प्रवेंद्र दहिया, अध्यक्ष INO मुजफ्फरनगर एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विद्यालय परिवार ने इस प्रकार के स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *