शिव शक्ति मंदिर में मां शाकुम्भरी जन्मोत्सव की रही धूम
राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी और युवराज सक्षम चौधरी ने पूजा अर्चना कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया

मुजफ्फरनगर, 13 जनवरी। भरतिया कालोनी स्थित शिव शक्ति मंदिर में मां शाकुम्भरी जयंती का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हरी सब्जियों एवं फलों के द्वारा माता जी का दरबार सजाया गया। कार्यक्रम में प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी और युवराज सक्षम चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जिन्होंने माता का गुणगान कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।
मिली जानकारी के अनुसार भरतिया कालोनी स्थित शिव शक्ति मंदिर में मां शाकुम्भरी का पर्व उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भव्य हरी सब्जियों एवं फलों के माध्यम से माता जी का दरबार सजाया गया। मंदिर की संस्थापिका परम साध्य माता राजरानी जी के सानिध्य में प्रात:कालीन बेला में पूजा अर्चना का कार्य किया गया, जिसके बाद छप्पन भोग प्रसाद माता रानी जी को लगाया गया। मंदिर समिति के समाजसेवी रविन्द्र कुमार सिंघल, भीमसैन कंसल, सागर जैन, शंकर जैन, मनीष कुमार चौधरी, भारत भूषण अरोरा आदि भक्तों ने माता जी को तिल क किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। दोपहर 2 बजे से सायं 6 बजे तक महिलाओं द्वारा कीर्तन एवं भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस अवसर पर माता रानी के सभी भक्त खूब झूमे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे प्रमुख समाजसेवी एवं युवराज सक्षम चौधरी ने माता रानी की पूजा अर्चना की और अपने हाथों से भक्तों को प्रसाद वितरित किया। इस मौके पर मनीष चौधरी ने कहा कि आज बहुत ही शुभ घडी है, क्योंकि आज जहां माता रानी का जन्मोत्सव पूरे देश में उत्साह एवं उमंग तथा श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है, वहीं प्रयागराज में महाकुम्भ का शुभारम्भ भी आज ही हुआ है। उन्होंने समस्त भक्तों को अपने हाथों से प्रसाद वितरित कर माता रानी के जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर धर्मलाभ कमाया।