स्वतंत्रता दिवस पर संयुक्त हिंदू महासंघ निकालेगा तिरंगा बाइक यात्रा, तैयारियों को दिया अंतिम रूप

मुजफ्फरनगर : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर संयुक्त हिंदू महासंघ द्वारा निकाली जाने वाली तिरंगा यात्रा की तैयारियों को लेकर मुख्य पदाधिकारियों की बैठक शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष बागेश अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया गया।

बैठक में तय किया गया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा यात्रा बाइक रैली के रूप में रामपुरी गेट से शुरू होगी। यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कंबल वाली गली स्थित संगठन के मुख्य कार्यालय पर पहुंचकर सम्पन्न होगी।
बैठक के दौरान शिव सेना के प्रदेश महासचिव डॉ. योगेंद्र शर्मा ने तिरंगा यात्रा को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की। उन्होंने शिवसैनिकों से अधिक से अधिक संख्या में यात्रा में शामिल होकर इसे सफल बनाने का आह्वान किया।
संयुक्त हिंदू महासंघ के पदाधिकारियों ने बताया कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है। यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों के शामिल होने की संभावना है।
बैठक में संगठन के संस्थापक अध्यक्ष मनोज सैनी, अध्यक्ष अखिलेश जाटव, प्रदेश महासचिव वीरेंद्र त्यागी, जिला अध्यक्ष हरीश पालीवाल, शिव सेना मंडल अध्यक्ष राजेश कश्यप, जिला महामंत्री डॉ. नवनीत कुमार तथा जिला सचिव संजय पाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
पदाधिकारियों ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से अनुशासन और उत्साह के साथ भाग लेने की अपील की।