पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय मुजफ्फरनगर में स्वतंत्रता दिवस पर धूमधाम से फहराया गया तिरंगा

मुजफ्फरनगर: पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय मुज़फ्फ़रनगर परिसर में 80 वां स्वतंत्रता दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, देशभक्ति और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं प्राचार्य अंशु त्यागी ने ध्वजारोहण कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया।
एनसीसी कैडेट्स द्वारा मुख्य अतिथि का भव्य स्वागत मार्च पास्ट के साथ हुआ। राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के पश्चात संपूर्ण परिसर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से गुंजायमान हो उठा। ध्वजारोहण के उपरांत आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत, समूह नृत्य प्रस्तुत किए। प्राथमिक एवं माध्यमिक वर्ग के विद्यार्थियों ने देश की सांस्कृतिक विविधता और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत कर दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए प्राचार्य अंशु त्यागी ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने बताया कि
“स्वतंत्रता हमें अपने कर्तव्यों का अहसास कराती है। आज का युवा ही कल के समृद्ध और ‘विकसित भारत’ की नींव है। पीएम श्री योजना के अंतर्गत विद्यालय छात्रों के सर्वांगीण विकास और उनमें नैतिक मूल्यों के बीजारोपण के लिए प्रतिबद्ध है।”
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों व बच्चों में मिष्ठान (मिठाई) का वितरण किया गया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त शिक्षक वर्ग, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।