आई.पी.एल. शुगर मिल तितावी ने किया किसानों के गन्ना मूल्य का सम्पूर्ण भुगतान

मुजफ्फरनगर : इकाई प्रमुख कुलदीप सिंह व विभागाध्यक्ष (गन्ना) कर्मवीर सिंह ने अवगत कराया है कि इंडियन पोटाश लि०, इकाई तितावी शुगर काम्पलैक्स, तितावी (मुजफ्फरनगर) का पेराई सत्र 2024-25 के लिए 165 लाख कुन्तल गन्ना खरीद के लक्ष्य के सापेक्ष 162.87 लाख कुन्तल गन्ने की खरीद की गयी है, जिसका सम्पूर्ण गन्ना मूल्य भुगतान 595.09 करोड़ रू० किसानों के खाते में भेज दिया गया है। इसके साथ ही समिति एवं गन्ना विकास परिषद का सम्पूर्ण अंशदान रू. 8.96 करोड़ का भी भुगतान सम्बन्धित समिति एवं गन्ना विकास परिषद के बैंक खातों में भेज दिया गया है। विभागाध्यक्ष (गन्ना) कर्मवीर सिंह ने सलाह दी है कि किसान भाई अत्याधिक गर्मी पड़ने से बढे तापमान में गन्ना फसल को सुरक्षित करने हेतु ससमय सिंचाई करते रहें व पेड़ी गन्ने की फसल के प्लॉटों की साफ-सफाई करते हुए चूसक व सुड़ियों से फसल को सुरक्षित करने के लिए चीनी मिल द्वारा छूट पर दी जा रही दवाईयों का भी उपयोग करते हुए फसल सुरक्षा करते रहें। पेराई सत्र में किसानों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के द्वारा दिये गये सहयोग के लिए इकाई प्रमुख श्री कुलदीप सिंह जी ने धन्यवाद प्रेषित किया है।