फेडरेशन ऑफ मुज़फ्फरनगर कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के फेडरेशन भवन में आज उद्योग बंधु बैठक का किया गया आयोजन

फेडरेशन ऑफ मुज़फ्फरनगर कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के फेडरेशन भवन में आज उद्योग बंधु बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी महोदय द्वारा की गई। बैठक में जनपद के उद्यमियों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में फेडरेशन के अध्यक्ष नीलकमल पुरी ने माननीय डीएम साहब को बुके देकर स्वागत किया, जबकि बैठक का संचालन फेडरेशन के सचिव अभिषेक अग्रवाल द्वारा किया गया। इसके पश्चात बैठक की कार्यवाही को आगे बढ़ाने हेतु जिला उद्योग केंद्र के सहायक आयुक्त आशीष कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी महोदय ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्योगों से संबंधित समस्याओं का समाधान एजेंडा में आने से पूर्व ही प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी उद्यमियों से नियमित संवाद बनाए रखें और उनकी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें, जिससे उद्योगों को सुचारु रूप से संचालित करने में किसी प्रकार की बाधा न आए।
उद्यमियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी महोदय ने मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में विकास भवन में सिंगल विंडो कार्यालय स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि उद्यमियों को विभिन्न विभागों के चक्कर न लगाने पड़ें और एक ही स्थान पर उनकी समस्याओं का समाधान हो सके।
बैठक में ईएसआई हॉस्पिटल की स्थापना के विषय में भी चर्चा की गई। इस संबंध में जिलाधिकारी महोदय ने नगर पालिका एवं एमडीए को अस्पताल के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए तथा संबंधित विभागों को आवश्यक औपचारिकताओं की जानकारी लेकर शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।
इसके अतिरिक्त उद्यमियों द्वारा उठाई गई बिजली संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित किया गया। वहीं सड़कों के किनारे लगे बीएसएनएल के खंभों के कारण उत्पन्न हो रही दुर्घटना एवं अतिक्रमण की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उन्हें हटवाने के लिए भी संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में उद्यमियों द्वारा रखी गई अन्य विभिन्न समस्याओं पर भी जिलाधिकारी महोदय ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। उद्यमियों की ओर से आशीष गर्ग (कोषाध्यक्ष), पूर्व अध्यक्ष अशोक अग्रवाल, पूर्व कोषाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, अरुण गुप्ता, आकाश गुप्ता, राज शाह, जगमोहन , KLअग्रवाल , अंकुर गर्ग सहित अन्य उद्यमी भी मौजूद रहे।