बागपत की मासूम को न्याय दिलाने लखनऊ कूच करेगी भाकियू (तोमर), 30 जून को सीएम योगी से मिलेगी प्रतिनिधिमंडल
फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई, 50 लाख मुआवजा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग; ग्रामीण वॉयस से बोले संजीव तोमर

मुजफ्फरनगर : बागपत में तीन वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी की घटना को लेकर भारतीय किसान यूनियन (तोमर) ने प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। संगठन ने कहा है कि पीड़ित बच्ची को न्याय दिलाने के लिए 29 जून को लखनऊ कूच किया जाएगा, जबकि 30 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर मामले में कठोर कार्रवाई की मांग उठाई जाएगी।
भाकियू (तोमर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर ने ग्रामीण वॉयस से बातचीत में बताया कि संगठन के राष्ट्रीय कार्यालय पर आयोजित विशेष बैठक में यह निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि बागपत के थाना सिंघावली अहीर क्षेत्र में हुई यह घटना बेहद दर्दनाक और समाज को झकझोर देने वाली है। ऐसे मामलों में केवल गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं है, बल्कि दोषियों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए जो भविष्य में अपराधियों के लिए नजीर बने।
संजीव तोमर ने आरोप लगाया कि घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई अपेक्षित स्तर की नहीं रही। उनका कहना है कि पीड़ित परिवार को समय पर चिकित्सा सहायता तक उपलब्ध नहीं कराई गई और परिजनों को अपने स्तर पर बच्ची का उपचार कराना पड़ा। उन्होंने इसे पुलिस की संवेदनहीनता बताया।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 22 जून को जब पीड़ित परिवार और संगठन के पदाधिकारी मामले में ठोस कार्रवाई की मांग को लेकर बागपत के पुलिस अधीक्षक से मिलने पहुंचे, तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और उन्हें कार्यालय से बाहर कर दिया गया। इस घटना को लेकर संगठन में भारी नाराजगी है।
भाकियू (तोमर) ने मांग की है कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए, आरोपी को जल्द से जल्द कठोर सजा दी जाए, पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए तथा उन्हें पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। संगठन ने पीड़ित बच्ची के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधाएं, मनोवैज्ञानिक परामर्श और सरकारी सहायता योजनाओं का लाभ तत्काल उपलब्ध कराने की भी मांग की है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 29 जून को प्रदेशभर से कार्यकर्ता लखनऊ रवाना होंगे और 30 जून को मुख्यमंत्री कार्यालय पहुंचकर न्याय मार्च निकालेंगे। संजीव तोमर ने कहा कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलेगा, संगठन का संघर्ष जारी रहेगा।
बैठक में पवन त्यागी, महबूब बालियान, निखिल चौधरी, सोनू चौधरी, सुमित उपाध्याय, मुकेश गुर्जर, अजय त्यागी, विशाल चौधरी, अंशुल उपाध्याय, जावेद सलमानी, अरुण कश्यप, हीरा बालियान समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।