उत्तर प्रदेश में जबरिया रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर की आजाद अधिकार सेना ने विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों की तेज
मीरापुर विधानसभा से मोहम्मद यूसुफ को आजाद अधिकार सेना ने बनाया प्रत्याशी

मुजफ्फरनगर : आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर आजाद अधिकार सेना ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने 016-मीरापुर विधानसभा क्षेत्र, जनपद मुजफ्फरनगर से खालापार, मुजफ्फरनगर निवासी मोहम्मद यूसुफ को अपना प्रत्याशी घोषित किया है।
पार्टी की केंद्रीय कार्यकारिणी के अनुमोदन के बाद राष्ट्रीय महासचिव डॉ. नूतन ठाकुर ने कार्यालय ज्ञाप जारी कर मोहम्मद यूसुफ की उम्मीदवारी की औपचारिक घोषणा की।
मोहम्मद यूसुफ सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में लंबे समय से सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहे हैं। वे आम नागरिकों की समस्याओं, अधिकारों और अन्याय के मुद्दों को लेकर सक्रिय रहे हैं। पार्टी के अनुसार, उन्होंने भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं के खिलाफ भी लगातार आवाज उठाई है।
आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने कहा कि मोहम्मद यूसुफ पार्टी की विचारधारा के अनुरूप अन्याय, अत्याचार और भ्रष्टाचार के विरोध तथा आम नागरिकों के अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाते हुए मीरापुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरेंगे।
पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव डॉ. नूतन ठाकुर ने कहा कि मोहम्मद यूसुफ की सामाजिक सक्रियता और जनसरोकारों को देखते हुए उन्हें मीरापुर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया गया है। पार्टी को उम्मीद है कि वे क्षेत्र की जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे।
मोहम्मद यूसुफ की उम्मीदवारी की घोषणा के साथ ही मीरापुर विधानसभा क्षेत्र में आगामी चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।