माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल के ‘गूँज दान’ अभियान का सफल समापन

माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल, लिंक रोड, मुज़फ्फरनगर में गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर से प्रारंभ हुए ‘गूँज दान’ अभियान का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस अभियान के अंतर्गत एकत्रित पुराने एवं उपयोगी सामान को दिल्ली स्थित गूँज मुख्यालय भेज दिया गया, ताकि इन वस्तुओं का सदुपयोग जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए किया जा सके।
इस अभियान में विद्यालय के अभिभावकों एवं शहरवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और सेवा, सहयोग तथा संवेदनशीलता का प्रेरणादायी परिचय दिया। सभी के सामूहिक प्रयासों से यह पहल सामाजिक उत्तरदायित्व और परोपकार की भावना का उत्कृष्ट उदाहरण बनी।
विद्यालय निर्देशिका श्रीमती चारु भारद्वाज एवं प्रधानाचार्य डॉ. के. जी. अरोड़ा ने इस पुनीत कार्य के लिए सभी को प्रेरित किया तथा अभियान के महत्व और सामाजिक उपयोगिता से अवगत कराया। विद्यालय प्रबंधन ने इस नेक कार्य को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी अभिभावकों एवं नगरवासियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
‘गूँज दान’ अभियान ने यह संदेश दिया कि दूसरों के जीवन में खुशियाँ बाँटने के लिए की गई छोटी-सी पहल भी समाज में बड़ा सकारात्मक परिवर्तन ला सकती है।