बुढाना पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो सदस्यों को किया गिरफ्तार

बुढाना पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो सदस्यों को किया गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर में थाना बुढ़ाना पुलिस को समय बड़ी सफलता हाथ लगी जब पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से चोरी की तीन कारें बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य चोरी की गाड़ियों के चेसिस नंबर बदलकर और उन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर अलग-अलग स्थानों पर बेचते थे। गिरोह के तार नोएडा और चंडीगढ़ क्षेत्र से भी जुड़े बताए जा रहे हैं।

सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल ने बताया कि 20 अक्टूबर को बुढ़ाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वाहन चोरी करने वाले दो आरोपी चोरी की गाड़ियों के साथ योगपुरा रोड पर बंद पड़े बस अड्डे के पीछे मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित कुमार पुत्र कृष्णपाल निवासी खेड़ा मंदिर के पास, सेवला कलां, चंद्रमणि रोड, थाना पटेलनगर, देहरादून (उत्तराखंड) और शुभम चौधरी पुत्र ऋषिपाल सिंह निवासी दीप नगर, अजबपुर कलां, ईश्वर विहार रोड, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर विभिन्न राज्यों से चारपहिया वाहन चोरी करते थे। इसके बाद चोरी की गाड़ियों के चेसिस नंबर बदलकर उन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई जाती थी और वाहनों को अलग-अलग स्थानों पर बेच दिया जाता था। आरोपी चोरी की गाड़ियों को बेचने के लिए ग्राहकों के आने का इंतजार कर रहे थे, तभी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
बुढ़ाना पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक महिंद्रा थार, एक मारुति सुजुकी ब्रेजा और एक मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार बरामद की है। बरामद वाहनों में थार और ब्रेजा चंडीगढ़ क्षेत्र से चोरी की गई थीं, जबकि स्विफ्ट कार के संबंध में भी जांच की जा रही है।गिरफ्तार आरोपी अंकित कुमार के खिलाफ बुढ़ाना, सहारनपुर, देहरादून, चंडीगढ़ और नोएडा के सेक्टर-58 से जुड़े वाहन चोरी व अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं, शुभम चौधरी के खिलाफ भी बुढ़ाना, देहरादून और चंडीगढ़ से संबंधित मामले दर्ज हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *