मुजफ्फरनगर में जिला होम्योपैथिक अधिकारी पर 15 हजार रुपये की वसूली का आरोप, कथित फुटेज सामने आने से मचा हड़कंप
जिला होम्योपैथिक अधिकारी ने मामले को बताया झूठा और निराधार
मुजफ्फरनगर: जिले में जिला होम्योपैथिक अधिकारी पर रिश्वत लेने और मेडिकल स्टोर संचालक से कथित तौर पर जबरन वसूली करने के गंभीर आरोप लगे हैं। मामले से जुड़ा एक कथित फुटेज सामने आने के बाद यह प्रकरण चर्चा में आ गया है। शिकायतकर्ता डिस्ट्रिक्ट केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष सुभाष चौहान ने अधिकारी पर उनकी एसोसिएशन के सदस्य को जेल भेजने की धमकी देकर 15 हजार रुपये वसूलने का आरोप लगाया है। वहीं, मामले में निष्पक्ष जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई गई है।
डिस्ट्रिक्ट केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट एसोसिएशन मुजफ्फरनगर के जिला अध्यक्ष सुभाष चौहान ने , मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि मुजफ्फरनगर में चुंगी नंबर दो के निकट स्थित निकुंज मेडिसिन हब के स्वामी सुधीर यादव ने जिला होम्योपैथिक अधिकारी अक्षय कात्यान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सुधीर यादव का दावा है कि अधिकारी उनके मेडिकल स्टोर पर पहुंचे और उन्हें डराया-धमकाया। आरोप है कि जेल भेजने की धमकी देकर उनसे कथित तौर पर 15 हजार रुपये की जबरन वसूली की गई।
शिकायतकर्ता ने इस मामले को लेकर मुजफ्फरनगर केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों से संपर्क किया और संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सुभाष चौहान ने की निष्पक्ष जांच की मांग
मुजफ्फरनगर केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष सुभाष चौहान ने मामले को गंभीर बताते हुए जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने संबंधित अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और उनकी संपत्ति की जांच कराने की भी मांग उठाई है।
सुभाष चौहान का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए और जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जा सके।
इस मामले में जिला होम्योपैथिक अधिकारी अक्षय कात्यान ने पूरे मामले को निराधार बताया और कहा यह सब मामला झूठा है ये गलत काम कर रहे है ।