विश्व पोलियो दिवस पर 24 अक्टूबर को निकाली जाएगी पोलियो एवं फिटनेस डिस्ट्रिक्ट रैली, 500 विद्यार्थी होंगे शामिल

विश्व पोलियो दिवस पर 24 अक्टूबर को निकाली जाएगी पोलियो एवं फिटनेस डिस्ट्रिक्ट रैली, 500 विद्यार्थी होंगे शामिल


मुजफ्फरनगर :  विश्व पोलियो दिवस के अवसर पर रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3100 की ओर से 24 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाली Polio & FIT District Rally को लेकर गुरुवार को प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में रैली के उद्देश्यों, तैयारियों और जनजागरूकता अभियान की जानकारी साझा की गई। रैली के माध्यम से पोलियो उन्मूलन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को स्वस्थ जीवनशैली और फिटनेस के प्रति प्रेरित किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में रोटेरियन सुनील अग्रवाल, पोलियोप्लस सोसाइटी सब-कमेटी चेयरमैन, रोटेरियन विकास भार्गव, डिस्ट्रिक्ट पोलियो डायरेक्टर, रोटेरियन डॉ. नितिन जैन, एफआईटी कमेटी डायरेक्टर, रोटेरियन नवीन सिंघल, रोटेरियन शरद जैन और रोटेरियन संदीप गुप्ता ने रैली से संबंधित जानकारी दी।
डिस्ट्रिक्ट के 13 नगरों में एक साथ निकलेगी रैली
पोलियोप्लस सब-कमेटी चेयरमैन रोटेरियन सुनील अग्रवाल ने बताया कि 24 अक्टूबर को रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3100 के 13 नगरों में एक साथ यह रैली निकाली जाएगी। इसमें रोटरी परिवार के सदस्यों और स्कूली बच्चों सहित 10 हजार से अधिक लोग भाग लेंगे। मुजफ्फरनगर में आयोजित होने वाली रैली में लगभग 500 विद्यार्थी शामिल होंगे।
नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज से जिला अस्पताल तक पहुंचेगी रैली
मुजफ्फरनगर में रैली नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज से शुरू होकर जिला अस्पताल स्थित रेडक्रॉस हॉल में संपन्न होगी। रैली के माध्यम से आमजन को पोलियो से बचाव, नियमित टीकाकरण और बच्चों के स्वस्थ भविष्य के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक बच्चे को समय पर पोलियो की खुराक दिलाने का संदेश दिया जाएगा।
कई प्रमुख अतिथि होंगे शामिल
कार्यक्रम में मुजफ्फरनगर के सभी रोटरी क्लबों के सदस्य भाग लेंगे। इसके अलावा खतौली, शामली और बड़ौत सहित आसपास के क्षेत्रों से भी रोटेरियन शामिल होंगे। रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3100 की गवर्नर रोटेरियन पायल गौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।
विशिष्ट अतिथियों में नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया और पोलियो अभियान की नोडल अधिकारी डॉ. अशोक कुमार शामिल होंगे। कार्यक्रम के आयोजन में विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती सुमित्रा सिंह का भी सहयोग रहेगा।
पोलियो मुक्त भारत बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी
रोटरी पदाधिकारियों ने कहा कि पोलियो मुक्त भारत की उपलब्धि को बनाए रखना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। इसके लिए बच्चों का नियमित टीकाकरण सुनिश्चित करना और पोलियो की खुराक के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करना आवश्यक है।
रोटरी की यह पहल सामाजिक सहभागिता, स्वास्थ्य जागरूकता और स्वस्थ समाज के निर्माण के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करती है। आयोजकों ने लोगों से अभियान में सहभागिता कर पोलियो उन्मूलन के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *