मुजफ्फरनगर किसान मेले में पहुंचे चौधरी राकेश टिकैत, मंत्री नरेंद्र कश्यप, ठाकुर पूरन सिंह और राजू अहलावत समेत कई दिग्गज
सरकार हमारे घरों पर लगाए सोलर और उसके बदले हमें खेत में बिजली फ्री में दे – राकेश टिकैत
मुजफ्फरनगर : जानसठ रोड स्थित कृषि फार्म में आयोजित तीन दिवसीय किसान मेला एवं कृषि प्रदर्शनी का तीसरे और अंतिम दिन भी खासा उत्साह देखने को मिला। मेले में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत, किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरन सिंह, उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप और किसान नेता राजू अहलावत समेत अनेक गणमान्य लोगों ने पहुंचकर किसानों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान कृषि उपकरणों, आधुनिक तकनीक और खेती से जुड़ी नई जानकारियों में किसानों ने विशेष रुचि दिखाई।
किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरन सिंह ने मेले के आयोजक भरत बालियान को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन किसानों के लिए बेहद उपयोगी हैं। जानकारी के अभाव में किसान कई सरकारी योजनाओं, आधुनिक उपकरणों और तकनीकों का लाभ नहीं उठा पाते। उन्होंने बताया कि मेले में कैंसर से बचाव, स्वास्थ्य जांच और कृषि उपकरणों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारियां मिलीं। उन्होंने सुझाव दिया कि इस तरह के मेले छह महीने में एक बार और केवल शहरों में ही नहीं, बल्कि गांवों के स्तर पर भी आयोजित होने चाहिए।
अंतरराष्ट्रीय जाट सांसद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनु चौधरी दांतल ने कहा कि भरत बालियान किसानों को जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार कृषि मेलों का आयोजन कर रहे हैं। ऐसे आयोजन किसानों को एक ही स्थान पर आधुनिक कृषि उपकरणों और नई तकनीकों से परिचित कराने का अच्छा मंच प्रदान करते हैं। किसान अपनी जरूरत और सुविधा के अनुसार उपकरणों की जानकारी लेकर खरीदारी भी कर सकते हैं।
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने किसान मेले की सराहना करते हुए कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार बड़ा मेला आयोजित किया गया है। यहां नई-नई कंपनियां अपने उत्पाद लेकर पहुंची हैं। सोलर कंपनियों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए कि किसानों के घरों पर सोलर सिस्टम लगाकर उन्हें मुफ्त बिजली दी जाए और सरकार जरूरत के अनुसार उनसे बिजली ले सके। उन्होंने कहा कि मेले में कृषि उपकरणों, बीज और खाद बनाने वाली कंपनियों के बारे में भी किसानों को महत्वपूर्ण जानकारी मिल रही है। पंजाब की तुलना में उत्तर प्रदेश में ऐसे कृषि मेलों का आयोजन अभी कम होता है।
कार्यक्रम के दौरान चौधरी राकेश टिकैत ने अखाड़े में पहुंचे पहलवानों से हाथ मिलाकर दंगल का शुभारंभ भी कराया।
मेले के अंतिम दिन उत्तर प्रदेश सरकार के उत्तर प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप, ठाकुर पूरन सिंह, राजू अहलावत, मनु चौधरी दांतल, जिला अध्यक्ष अंकित चौधरी, रालोद नेता अजीत राठी, पंकज राठी, धर्मेंद्र तोमर और जाट महासभा मुजफ्फरनगर के अध्यक्ष धर्मवीर बालियान सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
गन्ना छीलने की मशीन बनी आकर्षण का केंद्र
किसान मेले में गन्ना छीलने की मशीन किसानों और अतिथियों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रही। मंत्री नरेंद्र कश्यप, चौधरी राकेश टिकैत, ठाकुर पूरन सिंह और राजू अहलावत समेत कई नेताओं ने मशीन के स्टॉल पर पहुंचकर कंपनी के डीलरों से इसकी कार्यप्रणाली, उपयोगिता और सरकारी सब्सिडी के संबंध में जानकारी ली। आधुनिक कृषि उपकरणों को देखकर किसानों में भी काफी उत्सुकता दिखाई दी।