रेलवे स्टेशन पर लोकप्रिय मनीष चौधरी ने सामूहिक राष्ट्रगान कर दिया एकता का संदेश

रेलवे स्टेशन पर लोकप्रिय मनीष चौधरी ने सामूहिक राष्ट्रगान कर दिया एकता का संदेश

मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय सामाजिक संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी द्वारा युवाओं को राष्ट्रवाद के प्रति प्रेरित करने और समाज को राष्ट्रीय ध्वज के साथ जोड़कर भाईचारे को मजबूत बनाने के उद्देश्य से चलाये जा रहे सामूहिक मासिक राष्ट्रगान कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय रेलवे स्टेशन पर किया गया। इस दौरान अन्य संगठनों के प्रमुख लोगों के साथ ही युवा और खिलाड़ी तथा विद्यार्थियों ने प्रतिभाग करते हुए राष्ट्रगान के बाद सामाजिक सदभाव के प्रति योगदान की शपथ ली और सभी ने मुक्तकंठ से प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी तथा उनकी टीम के द्वारा किये जा रहे समाजहित और राष्ट्रहित के कार्यों की प्रशंसा भी की।
कार्यक्रम को लेकर मनीष चौधरी ने मीडिया कर्मियों से बातचीत में कहा कि आज हमने देशभक्ति और राष्ट्रवाद की भावना के साथ रेलवे स्टेशन पर सामूहिक राष्ट्रगान किया गया है। यह कार्यक्रम रेलवे में सेवा देने वाले पुलिस बल के जवान, अधिकारियों और कर्मचारियों को समर्पित है। उन्होंने कहा कि हम इसके सहारे समाज को भी यह संदेश देने का प्रयास कर रहे हैं कि राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सभी धर्म और समुदाय के लोगों का प्यार और सम्मान जुड़ा हुआ है। सभी लोग अपने धर्म के प्रति निष्ठावान रहें, लेकिन दूसरे धर्म का भी सम्मान करने का काम करें। यही संदेश हम युवाओं को और समाज को देने का हमारा प्रयास है, ताकि भाईचारा मजबूत हो सके। मनीष चौधरी ने कहा कि हमारी संस्था युवा पीढ़ी को नशे की लत से दूर करते हुए शिक्षा के पथ पर लाने का काम भी कर रही है।
इस दौरान रेलवे स्टेशन के अधीक्षक पवन कुमार और आरपीएफ से हुकम चंद ने प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी के इस कार्य की जमकर सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम ही समाज को जोड़ने के साथ युवाओं को अपने समाज और राष्ट्र के प्रति योगदान के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने इस बात के लिए भी मनीष चौधरी का आभार जताया कि उनका यह आज का कार्यक्रम रेलवे के प्रति समर्पित रहा है। इस अवसर पर तावली गांव से जीना चौधरी कबड्डी कोच भी पहुंची। यहां मनीष चौधरी ने अपनी टीम के साथ उनका और उनके साथ आये खिलाड़ियों का स्वागत करने के साथ खेल के प्रति उनके संघर्ष और योगदान की सराहना की। यहां पर उन्होंने गरीब परिवारों और बेसहारा बच्चों को नशे से दूर रख शिक्षा के पथ पर लाते हुए समाज की मुख्य धारा में जोड़ने का संकल्प भी दिलाया और बाद में ऐसे कुछ बच्चों को नववर्ष पार्टी पर आमंत्रित करते हुए उनको रेस्टोरेंट में ले जाकर भोजन कराया। इस दौरान मुख्य रूप से छत्रपति शिवाजी सेना के युवा जिलाध्यक्ष शांतनु राजपूत, संजीव विश्वकर्मा, रेलवे स्टेशन अधीक्षक पवन कुमार, जीआरपी से हुकमचंद, राहुल धीमान, वंश शर्मा, पियूष शर्मा, विक्की सनातनी, तरूण कुमार, विक्की, कनीज फातिमा जैदी, डॉ. खुर्रम, दिलनवाज और फैजुर रहमान सहित अन्य सैंकड़ों लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *