राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष चौधरी ने दी मोरना मिल विस्तारीकरण की मांग को नई ताकत

राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष चौधरी ने दी मोरना मिल विस्तारीकरण की मांग को नई ताकत

मुजफ्फरनगर: राष्ट्रीय सामाजिक संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी ने शनिवार को संस्था द्वारा चलाये जा रहे सामूहिक राष्ट्रगान अभियान में 49वें सामूहिक राष्ट्रगान का आयोजन मोरना स्थित दि गंगा सहकारी शुगर मिल परिसर में किया। यहां उन्होंने क्षेत्र के किसानों के हित में मोरना शुगर मिल के विस्तारीकरण की मांग को उठाते हुए इस आंदोलन को नई ताकत देने का काम किया।
प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी द्वारा समाज में देशभक्ति और भाईचारे की अलख जगाने और समाज को जोड़ने के लिए चार साल पूर्व सामूहिक राष्ट्रगान कार्यक्रम का शुभारंभ किया था। माह के प्रथम दिन इसका आयोजन किया जाता है। शनिवार को उनके द्वारा दि गंगा सहकारी शुगर मिल, मोरना के परिसर में 49वें सामूहिक राष्ट्रगान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें आसपास क्षेत्र से अनेक सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, शुगर मिल के अधिकारियों और ग्रामीणों व किसानों ने प्रतिभाग करते हुए राष्ट्रीय ध्वज को सलामी पेश करने के बाद सामूहिक रूप से राष्ट्रगान किया और देश की उन्नति व विकास में सहभागिता करने का संकल्प लिया।
इस दौरान मनीष चौधरी ने अपने संदेश में कहा कि आज हमने अपना कार्यक्रम मोरना शुगर मिल परिसर में किया है। इसका कारण यही है कि यहां आकर हम किसानों और ग्रामीणों के साथ मिलकर क्षेत्र के विकास के लिए चर्चा करें और मोरना शुगर मिल के विस्तारीकरण की किसानों की मांग को आगे बढ़ाने का काम किया जा सके। हम इस आंदोलन में किसानों के साथ खड़े हैं। इस क्षेत्र में बाढ़ का भी प्रकोप अधिक रहता है। हम इस क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए भी मिलकर काम करेंगे। मोरना मिल का विस्तार कराने के लिए सभी दलगत राजनीति छोड़कर किसान हित में साथ आयें, हमारा यही प्रयास रहेगा। मोरना शुगर मिल के प्रशासनिक अधिकारी अजय कुमार राय ने प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी के कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि मिल के विस्तारीकरण की प्रक्रिया चल रही है, सर्वे भी हो चुका है, अब निर्णय सरकार को लेना है। किसानों के हित के लिए मिल प्रशासन भी संवेदनशील होकर काम कर रहा है।
सहरावत खाप के प्रदेश अध्यक्ष संजीव सहरावत ने कहा कि समाज में राष्ट्रवाद की भावना को जागृत करने के लिए मनीष चौधरी का यह कार्यक्रम एक सराहनीय कदम है। शुगर मिल के विस्तारीकरण की मांग को उनके संस्था ने अपना समर्थन देकर नई ताकत दी है। इससे क्षेत्र के किसानों को लाभ होगा और यहां आर्थिक उन्नति का मार्ग खुलेगा। भारतीय किसान यूनियन अराजनीतिक के मंडल अध्यक्ष अंकित जावला ने कहा कि हमें खुशी है कि आज प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी किसानों के आंदोलन को समर्थन देने के लिए मोरना शुगर मिल पहुंचे हैं। मिल विस्तारीकरण ही इस क्षेत्र की सबसे बड़ी मांग है। फरवरी माह में ही हमारा संगठन आंदोलन शुरू करेगा, इसमें मनीष चौधरी का समर्थन भी किसानों को प्रोत्साहित करेगा।
इस अवसर पर भारत लोक सेवा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के पी चौधरी, मुस्लिम राष्ट्रीय मंच से फैजुर रहमान, मोरना शुगर मिल के जीएम प्रशासन अजय कुमार राय, भाकियू अराजनैतिक के ब्लॉक अध्यक्ष अंकित जावला, सहरावत खाप के प्रदेश अध्यक्ष संजीव कुमार सहरावत, राजीव सहरावत, आकाश चौधरी, तरुण सहरावत, मंकुल सहरावत, तालमेल कमेटी से महेंद्र वीर मास्टर जी, अश्वनी राठी सहित सैंकड़ों किसान और ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *