यूपी पुलिस भर्ती में एक ही गांव के 21 युवक व युवतिया भर्ती, गांव में खुशी का माहौल
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाल ही हुई पुलिस भर्ती का परिणाम आने पर कई स्थानों से चौंकाने वाले परिणाम सामने आए है। जिसमें जनपद मुजफ्फरनगर में गांव शौरम के 21 युवक युवतियों के द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में बाजी मार कर न केवल अपने गांव बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इनमें 18 युवक और 3 युवतियां शामिल हैं, जिन्होंने कठिन परीक्षाओं और फिजिकल टेस्ट को पास कर यह उपलब्धि हासिल की।
दरअसल जनपद मुजफ्फरनगर के बुढाना तहसील के ऐतिहासिक गांव शौरम के 82 युवाओं ने इस बार यूपी पुलिस भर्ती 2024 परीक्षा में भाग लिया था, जिनमें से कुछ अंकों के मामूली अंतर से कुछ बच्चे चयन से चूक गए, लेकिन एक ही गांव के 21 युवाओं की सफलता ने गांव में जश्न का माहौल बना दिया। गांव के इन नवचयनित पुलिसकर्मियों का ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया, शॉल भेंट की और लड्डू खिलाकर उनका हौसला बढ़ाया।
वही ग्राम प्रधान शौरम करणवीर ने बताया है कि हमें बहुत खुशी है कि हमारे गांव में ऐतिहासिक चौपाल होने के बाद गांव के बच्चों द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती के दौरान 18 युवक व 3 बेटियों का चयन हुआ है, गांव में ही नहीं बल्कि क्षेत्र में भी एक ही गांव से कितने बच्चे यूपी पुलिस में भर्ती हुए हैं हमें बहुत खुशी है और हमारे गांव की सम्मान की बात है बस हम इन बच्चों के भविष्य के लिए इन्हें हार्दिक बधाई देते हैं।