मिशन शक्ति फेज-5 के तहत पुलिस लाइन में आयोजन, महिला एवं बाल सुरक्षा पर दिखाई लघु फिल्म, रामनवमी पर मीनाक्षी स्वरूप ने किया 151 कन्याओं का पूजन

रामनवमी पर मीनाक्षी स्वरूप ने किया 151 कन्याओं का पूजन

पुलिस अधिकारियों के साथ मिलकर दिया महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और स्वावलंबी बनने का संदेश

मिशन शक्ति फेज-5 के तहत पुलिस लाइन में आयोजन, महिला एवं बाल सुरक्षा पर दिखाई लघु फिल्म

 

मुजफ्फरनगर। रामनवमी के पावन अवसर पर मुजफ्फरनगर में महिला सशक्तिकरण और बाल सुरक्षा को लेकर नगरपालिका परिषद् और पुलिस विभाग की एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में कन्या पूजन के साथ-साथ समाज को महिला उत्थान, सुरक्षा, शिक्षा और स्वावलंबन पर जागरूक करने का सशक्त संदेश दिया गया।
मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत रामनवमी के अवसर पर शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में कन्या पूजन एवं महिला-बाल सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, उनकी धर्मपत्नी डॉ. नीलम राय, नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप और पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
रिजर्व पुलिस लाइन के मंदिर प्रांगण में विधि-विधान के साथ 151 कन्याओं और 20 लांगूर का पूजन कर उन्हें उपहार भेंट किए गए। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप अपनी पौत्री गौरवी स्वरूप और पुत्र कार्तिक स्वरूप के साथ विशेष रूप से 151 कन्याओं के लिए उपहार लेकर पहुंचीं। उन्होंने डॉ. नीलम राय, इंदु सिद्धार्थ और गौरवी स्वरूप के साथ मिलकर कन्याओं को प्रेमपूर्वक उपहार वितरित किए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित बालिकाओं और उनके अभिभावकों को लघु फिल्म के माध्यम से गुड टच-बैड टच सहित महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया। अधिकारियों ने समाज को बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति सजग रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने अपने संबोधन में कहा कि कन्याओं का सम्मान हमारी संस्कृति की पहचान है। मिशन शक्ति जैसे अभियान समाज में जागरूकता और सुरक्षा की भावना को मजबूत करते हैं। हर बेटी को सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। समाज और प्रशासन मिलकर ही महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार कर सकते हैं।
एसएसपी संजय वर्मा ने कहा कि मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक कर समाज में विश्वास और सुरक्षा का वातावरण सुदृढ़ किया जा सके। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी जानसठ रूपाली राय चौधरी, प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सिंह सहित अन्य अधिकारी और गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *