प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी ने उठाई आवाज, बुुजुर्ग को मिला न्याय विद्युत विभाग ने हटवाया बिजली का खम्भा, भाजपा नेत्री कर रही थी बुजुर्ग को परेशान

प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी ने उठाई आवाज, बुुजुर्ग को मिला न्याय

विद्युत विभाग ने हटवाया बिजली का खम्भा, भाजपा नेत्री कर रही थी बुजुर्ग को परेशान

मुजफ्फरनगर:  राष्ट्रीय सामाजिक संस्था के अध्यक्ष प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी द्वारा पीड़ित बुजुर्ग की आवाज उठाकर लड़ी गई लड़ाई सुखद सपरिणाम के साथ पूर्ण हुई है। एक भाजपा नेत्री द्वारा बुजुर्ग के साथ दबंगई करते हुए नीले ड्रम में भरवाने की धमकी देकर भयभीत किया गया और उनके घर के सामने ही गलत तरीके से विद्युत पोल लगवाकर मानसिक उत्पीड़न भी किया गया। अब विद्युत विभाग ने बुजुर्ग के घर के समक्ष लगा विद्युत पोल हटवा लिया है।
राष्ट्रीय सामाजिक संस्था के अध्यक्ष प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी ने मीडिया कर्मियों से बातचीत में बताया कि पिछले दिनों शहर के मौहल्ला द्वारिकापुरी की गली नम्बर एक में परिवार के साथ रहने वाले 76 वर्षीय विपिन कुमार पुत्र डॉ. भगवत शरण ने संस्था को अवगत कराया था कि उनके पड़ौस में रहने वाली भाजपा नेत्री रोशनी पांचाल आये दिन उनके साथ अभद्रता करती है और गाली गलौच कर झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी जाती है। उनके घर के बाद दूसरी ओर एक विद्युत पोल लगा हुआ था, रोशनी पांचाल ने अपने प्रभाव का प्रयोग कर उसको उनके मकान के कोने पर गलत ढंग से लगवा दिया। इसकी शिकायत विद्युत विभाग के अधिकारियों और प्रशासन से करने के बावजूद भी बुजुर्ग विपिन कुमार को न्याय नहीं मिल रहा था।
प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी ने कहा कि संस्था ने उनकी मदद कर इस मामले में अधिकारियों से सम्पर्क किया और इंसाफ की मांग की। अब विद्युत विभाग की टीम ने सर्वे करते हुए विद्युत पोल को गलत पाया और उसको उखाड़ कर सामान साथ ले गये हैं। बुजुर्ग को इंसाफ मिला है। उन्होंने कहा कि समाधान होने पर हम पर अधिकारियों का भी आभार व्यक्त करते हैं, लेकिन इस बीच बुजुर्ग विपिन कुमार को यह भय भी बना हुआ है कि उनके पड़ौस में रहने वाली भाजपा नेत्री रोशनी पांचाल भविष्य में उनके खिलाफ रंजिशन कुछ भी गलत कर या करा सकती है। हम चेतावनी देते हैं कि इनको या इनके परिवार को परेशान किया गया तो बड़ा आंदोलन करेंगे। उन्होंने भाजपा नेत्री से भी एक बहन और बेटी होने के नाते यह अपील की है कि वो अपना पड़ौसी धर्म निभाकर बुजुर्ग विपिन कुमार की मदद करें और मिलजुलकर रहें। समस्या निपटने पर बुजुर्ग विपिन कुमार ने सामाजिक संस्था की पूरी टीम का साथ देने के लिए आभार प्रकट करते हुए कहा कि वो यही चाहते हैं कि भविष्य में किसी प्रकार का लड़ाई झगड़ा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *