फेडरेशन ऑफ मुज़फ़्फ़रनगर कॉमर्स एंड इंडस्ट्री का प्रतिनिधिमंडल यू.पी. इंटरनेशनल ट्रेड शो, नोएडा में हुआ शामिल
नोएडा : फेडरेशन ऑफ मुज़फ़्फ़रनगर कॉमर्स एंड इंडस्ट्री का इंडस्ट्रियल प्रतिनिधिमंडल यू.पी. इंटरनेशनल ट्रेड शो, नोएडा में शिरकत करने पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल का स्वागत उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने किया।
इस भव्य कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रहे। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित रहे और उन्होंने उद्यमियों को संबोधित किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाना है, इसके लिए सभी उद्यमियों को अपनी इकाइयों में उच्च कोटि का उत्पादन करना होगा। उन्होंने वोकल फॉर लोकल और मेक इन इंडिया पर बल देते हुए भारत में निर्मित वस्तुओं के उपयोग को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने कहा कि विकसित भारत के सहयोग में रूस एक सहयोगी देश के रूप में शामिल है, जिससे नेटवर्किंग और निवेश का सुनहरा अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश शक्ति, कौशल और संभावनाओं का प्रदेश है। उन्होंने बताया कि इस इंटरनेशनल ट्रेड शो में इन्वेस्ट यू.पी., यूपीसीडा, ग्रेनो, यीडा और नोएडा जैसे औद्योगिक विकास से जुड़े विभागों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम में शुगर, टेक्सटाइल, हैंडलूम, बैंकिंग और फाइनेंस समेत विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े स्टॉल प्रदर्शित किए गए।
फेडरेशन के कोषाध्यक्ष आशीष बंसल ने कहा कि इस इंटरनेशनल शो में प्रतिभाग करना बेहद उपयोगी रहा। यहाँ उत्पादन क्षमता बढ़ाने और तकनीकी उन्नयन की जानकारी प्राप्त करने का सुनहरा अवसर मिला।
इस अवसर पर फेडरेशन की ओर से उपाध्यक्ष राकेश जैन, सह सचिव आशीष गर्ग, पूर्व अध्यक्ष अंकित संगल, नंदकिशोर साहनी, सूरज तनेजा, दिव्यांश गर्ग, राकेश वर्मा, शारिक सुल्तान,रवि नंदन, अनुभव त्यागी सहित कई उद्यमी उपस्थित रहे।
—