मुजफ्फरनगर में मेगा विधिक सेवा शिविर आयोजित, हजारों लाभार्थी हुए लाभान्वित

मुजफ्फरनगर जनपद में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में एक बृहद मेगा विधिक सेवा शिविर का आयोजन जिला सुजडू चुंगी स्थित आईटीआई परिसर में किया गया। यह शिविर न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुजफ्फरनगर बीरेन्द्र कुमार सिंह के निर्देशानुसार संपन्न हुआ। शिविर का उद्देश्य आमजन को उनके संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना रहा।
शिविर में विष्णु चन्द्र वैश्य (अपर जिला जज, कोर्ट सं. 01), रितेश सचदेवा (अपर जिला जज, कोर्ट सं. 07), देवेन्द्र सिंह फौजदार (अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट), डॉ. सत्येन्द्र कुमार चौधरी (सिविल जज/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण), तुषार जायसवाल (अपर सिविल जज, जूनियर डिवीजन), दिव्य प्रताप सिंह निमेष (न्यायाधिकारी, ग्राम न्यायालय खतौली) सहित अनेक न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, जिला विकास अधिकारी दिग्विजय नाथ तिवारी, जिला पिछड़ा वर्ग एवं कल्याण अधिकारी शक्ति शरण श्रीवास्तव समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।
शिविर के दौरान जनपद में संचालित योजनाओं से संबंधित विशिष्ट काउंटर लगाए गए, जहां नागरिकों को विधिक परामर्श, योजनाओं की जानकारी और आवश्यक सहायता प्रदान की गई। डॉ. सत्येन्द्र कुमार चौधरी ने उपस्थित जनसमूह को विधिक अधिकारों, न्यायिक प्रक्रियाओं तथा निःशुल्क विधिक सहायता के महत्व के बारे में विस्तार से अवगत कराया। साथ ही, पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं के अंतर्गत लाभ भी वितरित किए गए।
आयोजकों के अनुसार, प्री-कैम्प और मेगा कैम्प के माध्यम से पांच हजार से अधिक लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत ऋण/लाभ का वितरण किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में आमजन ने भाग लेकर सेवाओं का लाभ उठाया।
कार्यक्रम के अंत में बताया गया कि दिनांक 14 मार्च 2026, शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन दीवानी न्यायालय परिसर, ग्राम न्यायालय बुढाना, ग्राम न्यायालय खतौली, ग्राम न्यायालय जानसठ तथा कलेक्ट्रेट मुजफ्फरनगर में किया जाएगा। नागरिकों से अधिकाधिक सहभागिता की अपील की गई।