अंबेडकर जयंती पर राणा पब्लिक स्कूल में मेगा हेल्थ कैंप, मोतियाबिंद के मरीज चिन्हित
मुजफ्फरनगर: अंबेडकर जयंती के अवसर पर राणा पब्लिक स्कूल में सोमवार को एक भव्य नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांच कराई और मुफ्त दवाइयों का लाभ उठाया।
शिविर का शुभारंभ राणा ग्रुप के चेयरमैन हाजी क़मरूज़मा राणा ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक नूर सलीम राणा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने बताया कि कैंप का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है।
शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञों द्वारा विशेष जांच की व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा दंत, त्वचा और स्त्री रोग (गायनिक) से संबंधित जांच भी की गई। बड़ी संख्या में मरीजों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया और उन्हें निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
नेत्र जांच के दौरान कई लोगों में मोतियाबिंद की शिकायत पाई गई। ऐसे मरीजों के ऑपरेशन के लिए तिथियां भी निर्धारित कर दी गई हैं, जिससे उन्हें आगे की उपचार सुविधा समय पर मिल सके।
यह शिविर अमन रोलिंग मिल्स प्राइवेट लिमिटेड, मुजफ्फरनगर द्वारा मरहूम लियाकत अली और मरहूमा आमना खातून की स्मृति में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरदान धर्मार्थ नेत्र संस्थान का विशेष सहयोग रहा। डॉ. जोया राणा ने अपनी टीम के साथ शिविर में सक्रिय रूप से सेवाएं प्रदान कीं।
अंबेडकर जयंती के मौके पर आयोजित यह स्वास्थ्य शिविर क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरा साबित हुआ और सामाजिक सेवा का एक सराहनीय उदाहरण पेश किया।