विश्व पर्यावरण दिवस पर आईपीएल शुगर रोहाना यूनिट में चला ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान, अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया वृक्षारोपण

विश्व पर्यावरण दिवस पर आईपीएल शुगर रोहाना यूनिट में चला ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान, अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया वृक्षारोपण

मुजफ्फरनगर, 5 जून 2026 विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर इंडियन पोटाश लिमिटेड (आईपीएल) की रोहाना यूनिट में राष्ट्रव्यापी अभियान ‘एक पेड़ माँ के नाम’ के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पौधारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान इकाई प्रमुख लोकेश कुमार ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के लिए अमूल्य धरोहर हैं, जो न केवल हमें प्राणवायु (ऑक्सीजन) प्रदान करते हैं, बल्कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, जल संरक्षण, मिट्टी के कटाव को रोकने तथा जैव विविधता के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के सच्चे साथी हैं, जो बिना किसी अपेक्षा के निरंतर समाज और प्रकृति की सेवा करते हैं। उन्होंने राष्ट्रव्यापी अभियान ‘एक पेड़ माँ के नाम’ की भावना को रेखांकित करते हुए कहा कि जिस प्रकार मां अपने बच्चों का पालन-पोषण और संरक्षण करती है, उसी प्रकार वृक्ष भी मानव जीवन को पोषित एवं सुरक्षित रखते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान और प्रकृति के संरक्षण के लिए कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसकी नियमित देखभाल का दायित्व भी निभाना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में मोहित सिंह, सीनियर ऑफिसर (सेफ्टी) ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके द्वारा लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल करने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा हरित वातावरण के निर्माण का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रबंधक (मा.सां.स. एवं विधि) आर.के. तिवारी, रामवीर लल्लर, पंकज बालियान, के.पी. सिंह, तरुण गौड़, संजीव चौधरी, पंकज शर्मा, प्रदीप शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे और वृक्षारोपण अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *