हाउस अरेस्ट के बावजूद सहारनपुर पहुंचे सांसद हरेंद्र मलिक, मस्जिद ध्वस्तीकरण प्रकरण में कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन

सहारनपुर। मुजफ्फरनगर से समाजवादी पार्टी के सांसद हरेंद्र मलिक सोमवार को सहारनपुर पहुंचे। मस्जिद ध्वस्तीकरण प्रकरण को लेकर सांसद ने सहारनपुर मंडल के कमिश्नर से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले में उचित कार्रवाई की मांग की।
बताया जा रहा है कि सांसद हरेंद्र मलिक पिछले दो दिनों से हाउस अरेस्ट थे। इसके बावजूद वह पुलिस को चकमा देकर सहारनपुर पहुंचने में सफल रहे। खास बात यह रही कि सपा के प्रस्तावित डेलिगेशन में शामिल अन्य नेता सहारनपुर नहीं पहुंच सके और पूरे डेलिगेशन में केवल सांसद हरेंद्र मलिक ही मौके पर पहुंचे।
सांसद के साथ सपा मुजफ्फरनगर जिलाध्यक्ष जिया चौधरी और सपा जिलाध्यक्ष संजय पांडे भी मौजूद रहे। सांसद हरेंद्र मलिक ने कमिश्नर से मुलाकात के दौरान मस्जिद ध्वस्तीकरण प्रकरण को लेकर जानकारी ली और मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
सांसद ने कमिश्नर को ज्ञापन सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और नियमानुसार उचित कार्रवाई की मांग की। उन्होंने पूरे प्रकरण को लेकर प्रशासन से स्थिति स्पष्ट करने और आवश्यक कदम उठाने की मांग भी की।
सांसद हरेंद्र मलिक के सहारनपुर पहुंचने की खबर के बाद राजनीतिक हलकों में भी हलचल देखने को मिली। सपा की ओर से इस मामले को लेकर लगातार प्रशासन के समक्ष अपनी बात रखी जा रही है।