शक्तिवर्धक आयुर्वेदिक दवाओं के नाम पर साइबर ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 7 मोबाइल और थार बरामद

शक्तिवर्धक आयुर्वेदिक दवाओं के नाम पर साइबर ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 7 मोबाइल और थार बरामद


मुजफ्फरनगर: थाना साइबर क्राइम पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को झांसे में लेकर शक्तिवर्धक और आयुर्वेदिक दवाओं के नाम पर कथित तौर पर ऑनलाइन धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सात मोबाइल फोन, एक थार रोक्स गाड़ी, तीन एटीएम कार्ड और आयुर्वेदिक दवाइयां बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, गृह मंत्रालय भारत सरकार के ऑनलाइन पोर्टल “प्रतिबिम्ब” पर मुजफ्फरनगर से संबंधित कुछ मोबाइल नंबर रिफ्लेक्ट हुए थे। इन नंबरों की जांच के दौरान कथित साइबर ठगी के नेटवर्क का पता चला। जांच में सामने आया कि आरोपियों द्वारा YouTube, Facebook और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शक्तिवर्धक, आयुर्वेदिक और देशी जड़ी-बूटी आधारित दवाओं के आकर्षक विज्ञापन चलाए जाते थे।
विज्ञापनों के जरिए लोगों को कम कीमत, गुप्त उपचार और त्वरित लाभ का प्रलोभन देकर संपर्क करने के लिए प्रेरित किया जाता था। संपर्क करने वाले लोगों से आरोपी खुद को दवा विक्रेता या चिकित्सकीय प्रतिनिधि बताकर विश्वास हासिल करते थे और दवा भेजने के नाम पर अग्रिम भुगतान अपने या अन्य बैंक खातों में मंगाते थे।
पुलिस का कहना है कि भुगतान प्राप्त होने के बाद आरोपियों द्वारा फर्जी ऑर्डर कन्फर्मेशन, नकली बिल, ऑर्डर स्लिप और स्क्रीनशॉट तैयार कर WhatsApp या अन्य माध्यमों से भेजे जाते थे। इसके बाद कथित तौर पर दवा नहीं भेजी जाती थी और दोबारा संपर्क करने पर कई बार मोबाइल नंबर बंद कर दिए जाते थे।
सात साइबर शिकायतें मिलीं
साइबर थाना पुलिस की जांच में आरोपियों से संबंधित मोबाइल नंबरों और बैंक खातों के संबंध में विभिन्न राज्यों से साइबर क्राइम पोर्टल पर कुल सात शिकायतें दर्ज मिली हैं। पुलिस द्वारा अन्य मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की भी जांच की जा रही है।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में सावेज पुत्र इस्लाम निवासी दाहा, थाना दोघट, जनपद बागपत, हाल निवासी बुढाना, मुजफ्फरनगर और इस्लाम पुत्र अब्दुल रशीद निवासी दाहा, थाना दोघट, जनपद बागपत, हाल निवासी बुढाना, मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार किया है।
दोनों के खिलाफ थाना साइबर क्राइम मुजफ्फरनगर में मुकदमा अपराध संख्या 32/2026 के तहत धारा 318(4), 336(3) और 340(2) BNS में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी इस्लाम के खिलाफ थाना बागपत और थाना साइबर क्राइम मुजफ्फरनगर में दो मुकदमे दर्ज हैं, जबकि सावेज के खिलाफ भी एक मुकदमा दर्ज बताया गया है।
यह सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से:
07 मोबाइल फोन
01 थार रोक्स गाड़ी, नंबर UK 07 HJ 7464
03 एटीएम कार्ड
आयुर्वेदिक दवाइयां
बरामद की हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताई ठगी की प्रक्रिया
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बताया कि वे YouTube और अन्य सोशल मीडिया साइटों पर पेज बनाकर शक्तिवर्धक एवं आयुर्वेदिक दवाओं के विज्ञापन चलाते थे। विज्ञापनों में अलग-अलग मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल किया जाता था। संपर्क करने वाले लोगों से दवा भेजने के नाम पर पैसे अपने या अन्य बैंक खातों में ट्रांसफर कराए जाते थे।
पैसे मिलने के बाद ग्राहकों को विश्वास में लेने के लिए फर्जी बिल और ऑर्डर से संबंधित स्क्रीनशॉट भेजे जाते थे। इसके बाद दवा नहीं भेजी जाती थी और ग्राहक द्वारा दोबारा संपर्क करने पर मोबाइल नंबर बंद कर दिया जाता था।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *