बुढ़ाना विधान सभा क्षेत्र में सपा का PDA जनसंवाद, सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ राजपाल कश्यप का जोरदार स्वागत

बुढ़ाना विधान सभा क्षेत्र में सपा का PDA जनसंवाद, सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ राजपाल कश्यप का जोरदार स्वागत

मुजफ्फरनगर की बुढ़ाना विधानसभा में समाजवादी पार्टी ने पीडीए जन संवाद के जरिए अपनी सियासी ताकत दिखाने का प्रयास किया। शाहपुर में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजपाल कश्यप का स्वागत किया गया। कार्यक्रम का आयोजन बुढ़ाना विधानसभा से सपा के उम्मीदवार डॉ. सत्येंद्र पाल की ओर से किया गया। मंच से जहां सत्येंद्र पाल ने अति पिछड़े समाज को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने की बात कही, वहीं राजपाल कश्यप ने भाजपा पर तीखे राजनीतिक हमले किए।

शाहपुर के कल्पना चावला मेमोरियल इंटर कॉलेज में आयोजित पीडीए जन संवाद कार्यक्रम में सपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजपाल कश्यप मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ पहुंचे लोगों ने राजपाल कश्यप का स्वागत किया।
कार्यक्रम के आयोजक और सपा शिक्षक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र पाल ने कहा कि अति पिछड़े समाज को समाजवादी पार्टी की विचारधारा से जोड़ना उनका प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि पीडीए समाज को उसके अधिकार और हिस्सेदारी के लिए एकजुट करने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।
वहीं राजपाल कश्यप ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि किसान, नौजवान, महिलाएं, पिछड़े और दलित परेशान हैं। उन्होंने दावा किया कि पीडीए समाज लगातार एकजुट हो रहा है और 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
राजपाल कश्यप ने मुजफ्फरनगर की सभी छह विधानसभा सीटों पर सपा की जीत का दावा करते हुए कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश से भाजपा का सफाया तय है। उन्होंने भाजपा को लेकर ‘डूबता हुआ जहाज’ और 2027 में ‘वेंटिलेटर’ पर पहुंचने जैसे राजनीतिक तंज भी कसे।
उन्होंने भ्रष्टाचार और राजनीतिक दल-बदल को लेकर भी भाजपा पर सवाल उठाए और कहा कि जिन नेताओं को कभी भाजपा की ओर से भ्रष्टाचारी कहा जाता था, वही अब सत्ता में महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आ रहे हैं।
कार्यक्रम के जरिए डॉ. सत्येंद्र पाल ने बुढ़ाना विधानसभा क्षेत्र में पीडीए के साथ-साथ अति पिछड़े वर्ग के बीच अपनी राजनीतिक सक्रियता और संगठनात्मक पकड़ को सामने रखने की कोशिश की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *