विश्व पोलियो दिवस पर रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3100 की पोलियो एवं FIT District Rally का भव्य आयोजन

मुजफ्फरनगर : 24 अक्टूबर 2026 विश्व पोलियो दिवस के अवसर पर रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3100 द्वारा End Polio Now एवं FIT District Campaign के अंतर्गत पोलियो जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य पोलियो उन्मूलन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए नागरिकों को प्रेरित करना रहा।
रैली का शुभारंभ नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज, रुड़की रोड, मुजफ्फरनगर से हुआ। डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन पायल गौड़, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. सुनील तेवतिया एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप, नोडल अधिकारी पोलियो डॉ० अशोक कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली जिला अस्पताल परिसर स्थित रेडक्रॉस हॉल तक निकाली गई।
कार्यक्रम में रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3100 के पदाधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों ने सहभागिता करते हुए पोलियो उन्मूलन और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया। इस अवसर पर श्रीमती सुमित्रा सिंह, रोटेरियन सुनील अग्रवाल, नोडल ऑफिसर श्री अशोक कुमार, लेफ्टिनेंट गवर्नर रोटेरियन अनिल प्रकाश बंसल तथा चीफ कोऑर्डिनेटर डॉ. एम.एल. गर्ग सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में अतिथियों ने पोलियो उन्मूलन के लिए निरंतर जागरूकता, बच्चों के नियमित टीकाकरण और स्वास्थ्य विभाग तथा सामाजिक संस्थाओं के आपसी सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन पायल गौड़ ने रोटरी के सेवा भाव और पोलियो मुक्त विश्व के लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधियों ने भी पोलियो से बचाव के लिए जागरूकता एवं टीकाकरण के महत्व पर प्रकाश डाला। नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप ने इस प्रकार के जनहितकारी अभियानों को समाज के लिए महत्वपूर्ण बताया।
इस आयोजन में रोटेरियन सुनील अग्रवाल, डिस्ट्रिक्ट पोलियोप्लस सोसाइटी सब-कमेटी चेयरय रोटेरियन विकास भार्गव, डिस्ट्रिक्ट पोलियो डायरेक्टरय रोटेरियन डॉ. नितिन जैन, FIT District Committee Director रोटेरियन शरद जैन, पोलियो डायरेक्टर, संदीप गुप्ता, पोलियो डायेक्टर टेक्नीशियन, तथा रोटेरियन नवीन सिंघल पोलियो डायरेक्टर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रैली में मुजफ्फरनगर, खतौली, बड़ौत, शामली एवं मुजफ्फरनगर के विभिन्न रोटरी क्लबों के रोटेरियन्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रोट्रैक्टर्स एवं इंट्रैक्टर्स ने भी अभियान में सहभागिता की। लगभग 500 बच्चों ने रैली में भाग लिया, जिनमें स्काउट के बच्चे एवं बैंड के सदस्य भी शामिल रहे। सभी प्रतिभागियों ने मिलकर पोलियो उन्मूलन एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश जन-जन तक पहुँचाया।
रोटरी इंटरनेशनल दशकों से वैश्विक पोलियो उन्मूलन अभियान में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। भारत को वर्ष 2014 में पोलियो मुक्त प्रमाणित किया गया था। हालांकि, पाकिस्तान और अफगानिस्तान में जंगली पोलियो वायरस का प्रसार चिंता का विषय बना हुआ है, इसलिए सतर्कता, टीकाकरण और निरंतर जन-जागरूकता आज भी आवश्यक हैं।
रैली के माध्यम से “End Polio Now” एवं “दो बूंद जिंदगी की” का संदेश देते हुए प्रत्येक बच्चे को पोलियो से सुरक्षित रखने का संकल्प दोहराया गया। साथ ही, FIT District Campaign के अंतर्गत नियमित व्यायाम, स्वस्थ दिनचर्या और शारीरिक सक्रियता को अपनाने की अपील की गई।
रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3100 का संदेश है-पोलियो मुक्त विश्व, स्वस्थ समाज और जनसेवा के संकल्प को मिलकर साकार करना।