योगी के मंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने स्कूली बच्चों के साथ साइकिल पर सवार होकर निकाली तिरंगा यात्रा
तिरंगा हमारी अस्मिता, आत्मगौरव और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है – मंत्री कपिल देव अग्रवाल

मुजफ्फरनगर : विधानसभा मुज़फ्फरनगर के मेरठ रोड स्थित शार्डन पब्लिक स्कूल द्वारा आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा में उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने साइकिल चला कर देशभक्ति का संदेश दिया। सैकड़ों स्कूली बच्चों, शिक्षकों और नागरिकों की सहभागिता वाली यह यात्रा शौर्य, श्रद्धा और संकल्प की अद्भुत मिसाल बनी।

शिव चौक तक निकाली गई इस तिरंगा यात्रा में देशभक्ति के रंग में रंगे छात्र-छात्राओं ने जब भारत माता की जय और वंदे मातरम् के गगनभेदी नारे लगाए, तो पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम से गुंजायमान हो गया।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि यह तिरंगा केवल कपड़ा नहीं है, यह हमारे पूर्वजों के बलिदान, हमारी आज़ादी की अमर गाथा और भारत की संप्रभुता का प्रतीक है। हर भारतीय के हृदय में इसकी प्रतिष्ठा है, और हर घर पर इसका स्थान होना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाए गए ‘हर घर तिरंगा – हर मन तिरंगा’ अभियान ने देश को एक नई ऊर्जा दी है। मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में यह संकल्प और भी व्यापक स्तर पर साकार हो रहा है।
इस ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा का समापन शिव चौक पर हुआ, जहाँ मुज़फ्फरनगर व्यापार मंडल द्वारा पुष्पवर्षा कर अतिथियों और प्रतिभागियों का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर व्यापार मंडल से विश्वजीत बिट्टू , भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक मित्तल तथा उनकी समर्पित टीम ने यात्रा को सफल बनाने में विशेष भूमिका निभाई।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने आगे कहा कि आज हमें इस बात पर गर्व है कि हमारे बच्चे इतने उत्साह और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हैं। यह पीढ़ी ही आने वाले भारत की नींव है। आइए, इस स्वतंत्रता दिवस पर हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि भारत को फिर से विश्वगुरु बनाएंगे – एक ऐसा भारत जो विकास, संस्कृति, और आध्यात्मिक नेतृत्व का आदर्श बने।

तिरंगा यात्रा के इस आयोजन ने ना केवल स्कूली विद्यार्थियों में देशभक्ति की अलख जगाई, बल्कि स्थानीय नागरिकों को भी गौरव और ऊर्जा से भर दिया।
यह आयोजन भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रवाद की भावना और ‘एक भारत – श्रेष्ठ भारत’ के विचार को साकार करता है।
इस अवसर पर विश्व रत्न शारदेन स्कूल, दीपक मित्तल मंडल अध्यक्ष, विश्वदीप बिट्टू , विशाल गर्ग , ब्रह्मप्रकाश शर्मा , अजय सागर व गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।