पत्रकारों द्वारा ग्रामीण समस्याओं को प्रकाशित करने से होता समाधान : केबिनेट मंत्री
जिला सहकारी बैंक के सभागार में हुआ संगोष्ठी का आयोजन

मुजफ्फरनगर : जिला सहकारी बैंक के सभागार में शनिवार को ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के तत्वावधान में ग्रामीण पत्रकारिता एक जोखिम भरा कार्य विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि विज्ञान एवं प्राैद्योगिकी विभाग के केबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि ग्रामीण पत्रकारिता देश के विकास की रीढ़ है। पत्रकारो के द्वारा ग्रामीण समस्याओं को उठाने के बाद ही उनका समाधान होता है।
उन्होंने कहा कि पहले पत्रकारिता का परिवेश सिर्फ शहरों तक सीमित था, लेकिन अब यह गांव-गांव तक पहुंच चुकी है। उन्होंने इंटरनेट मीडिया और यूट्यूब के इस दौर में खबरों को प्रमाणित करके प्रसारित करने की भी अपील की। विशिष्ट अतिथि जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन ठाकुर रामनाथ सिंह ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना हैं। वे छोटी-बड़ी सभी खबरें शासन-प्रशासन तक पहुंचाकर जन समस्याओं को सामने लाते हैं। संघर्षशील पत्रकारिता में जोखिम अवश्य है। संगोष्ठी में प्रदेश उपाध्यक्ष ओमप्रकाश द्विवेदी ने कहा कि कार्य करने में कठिनाइयां अवश्य आती हैं, लेकिन उनका सामना करने के लिए साहस होना चाहिए। अपनी कलम में निष्पक्षता रखकर कार्य करें। एक पक्ष को भारी और दूसरे को हल्का करके खबरें न लिखें। जब भी कलम चले, सही दिशा में चले। संगोष्ठी में प्रदेश महामंत्री डॉ. नरेश पाल सिंह ने कहा कि पत्रकारों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पत्रकारों को सशक्त करना समय की मांग है। पत्रकारों की आय आजीविका चलाने के लिए पर्याप्त नहीं है।
अपने कारोबार के साथ-साथ पत्रकारिता के लिए समय निकालना एक बड़ी चुनौती है। श्रीराम कालेज पूर्व पत्रकारिता विभाग अध्यक्ष रवि भूषण गौतम ने कहा कि ग्रामीण पत्रकारिता सच्ची समाजसेवा है, जिसमें बहुत संघर्ष है। संगोष्ठी में सूचना एवं जन संपर्क विभाग के उप निदेेशक दिलीप कुमार गुप्ता ने दो सप्ताह में मंडल कें तीनों जिलों में जिला स्तरीय पत्रकार स्थाई समिति का गठन कराने का आश्वासन दिया। संगोष्ठी को सहारनपुर के जिलाध्यक्ष आलोक तनेजा, शामली के जिलाध्यक्ष इंद्रपाल पांचाल, जिलाध्यक्ष संजय राठी ने भी संबोधित किया। संचालन रोहिताश कुमार वर्मा के द्वारा किया गया। संगोष्ठी में खतौली, बुढ़ाना, पुरकाजी, मीरापुर, जानसठ, मोरना, भोपा, ककरौली, चरथावल, सिसौली, शाहपुर क्षेत्र के पत्रकारों ने भाग लिया।