मंत्री कपिल देव ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर शुक्रतीर्थ मे परिक्रमा मार्ग की मांग

मंत्री कपिल देव ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर शुक्रतीर्थ मे परिक्रमा मार्ग की मांग

मुज़फ्फरनगर 17 दिसम्बर। प्रदेश के स्वतंत्र प्रभार मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने जनपद मुजफ्फरनगर स्थित पौराणिक एवं धार्मिक तीर्थ स्थल शुक्रतीर्थ के समग्र विकास को लेकर जिलाधिकारी को पत्र लिखा है। अपने पत्र में उन्होंने विशेष रूप से शुक्रतीर्थ में परिक्रमा मार्ग के निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि शुक्रतीर्थ केवल जनपद ही नहीं, बल्कि संपूर्ण उत्तर भारत का एक प्रमुख आध्यात्मिक केंद्र है। यह वही पावन भूमि है जहां हजारों वर्ष पूर्व वट वृक्ष के नीचे महर्षि शुकदेव मुनि ने राजा परीक्षित को श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कराया था। वर्ष भर लाखों श्रद्धालु एवं पर्यटक यहां दर्शन और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए आते हैं।

उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि धार्मिक दृष्टिकोण से शुक्रतीर्थ क्षेत्र में परिक्रमा का विशेष महत्व है। वर्तमान में लगभग 12 किलोमीटर लंबा परिक्रमा मार्ग अत्यंत जर्जर और अव्यवस्थित अवस्था में है। कई स्थानों पर मार्ग कच्चा है, जिससे बरसात के मौसम में कीचड़ और जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है, वहीं पक्के हिस्सों में भी टूट-फूट और गड्ढों के कारण श्रद्धालुओं को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि संतों, महात्माओं और स्थानीय जनता द्वारा लंबे समय से एक सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित परिक्रमा मार्ग की मांग की जा रही है। ऐसे में जन-भावनाओं का सम्मान करते हुए और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पर्यटन विभाग के माध्यम से परिक्रमा मार्ग का निर्माण कराया जाना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि शुक्रतीर्थ के विकास को नई गति मिल सके और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *