77वें गणतन्त्र दिवस पर तुषार ने न्यूज़पेपर स्टिक से बनाया 11 इंची का इंडिया गेट
गणतंत्र दिवस 26 जनवरी के अवसर पर मुज़फ्फरनगर के युवा कलाकार तुषार शर्मा ने अपनी रचनात्मक कला से एक बार फिर लोगों का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने न्यूज़पेपर स्टिक से 11 इंच ऊँचा इंडिया गेट तैयार किया है, जिसे दिल्ली में स्थित ऐतिहासिक इंडिया गेट की संरचना के अनुरूप बारीकी से बनाया गया है।
तुषार शर्मा विधानसभा क्षेत्र मुज़फ्फरनगर सदर की गांधी कॉलोनी, वर्मा पार्क गली नं.- 9 के निवासी हैं और वर्तमान में सनातन धर्म महाविद्यालय, मुज़फ्फरनगर में एमकॉम के छात्र हैं। उन्होंने लॉकडाउन के समय से अख़बारों की रद्दी का रचनात्मक उपयोग करते हुए छोटे-बड़े कई मॉडल तैयार किए हैं।
इससे पहले तुषार द्वारा तैयार किया गया मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम मंदिर (अयोध्या) का मॉडल समाचार पत्रों में प्रमुखता से प्रकाशित हो चुका है और इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी दर्ज है।
इसके साथ ही उन्होंने पिछले वर्ष 3 किलो अख़बार से दो महीने की मेहनत में भारत का राष्ट्रीय गान “जन-गण-मन” लिखकर राष्ट्र प्रेम और कला का अनूठा संगम प्रस्तुत किया था।
तुषार शर्मा का उद्देश्य कला के माध्यम से राष्ट्र प्रेम, पर्यावरण के प्रति जागरूकता और भारतीय संस्कृति के सम्मान को आगे बढ़ाना है। उनका यह इंडिया गेट मॉडल गणतंत्र दिवस के अवसर पर लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है।