पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ के दौरान बदमाशों के देवता को लगी पुलिस की गोली

पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ के दौरान बदमाशों के देवता को लगी पुलिस की गोली

घायल बदमाश प्रताप उर्फ बदमाशों के देवता ने मुजफ्फरनगर के व्यापारी से मांगी थी रंगदारी

मुजफ़्फरनगर : उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर में थाना सिविल लाइन पुलिस और बदमाशों के बीच बमनहेड़ी रेलवे स्टेशन के पास दिन दहाड़े मुठभेड़ हो गई । इस मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसके एक साथी को भी पुलिस ने कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार घायल बदमाश की पहचान प्रताप उर्फ बदमाशों का देवता के रूप में हुई है । पुलिस के अनुसार पकड़े गए बदमाश अनिल दुजाना गैंग से जुड़े है वहीं उसके साथी रवि उर्फ शूटर को पुलिस ने मौके से पकड़ लिया। गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने दो तमंचे, तीन जिंदा कारतूस, घटना में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन, एक बैग और एक पर्ची बरामद की है। सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि इन बदमाशों ने 4 मार्च को जिला परिषद मार्केट के व्यापारी राजीव जैन को फोन कर जान से मारने की धमकी दी थी और जान बचाने के लिए 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। इस मामले में व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि दोनों बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में इलाके में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाशों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें प्रताप घायल हो गया। पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि वे लोगों की हत्या करने की सुपारी लेते हैं। प्रताप की जेल में अतुल नाम के व्यक्ति से मुलाकात हुई थी, जिसने व्यापारी राजीव जैन की हत्या के लिए 20 लाख रुपये की सुपारी दी थी। फिलहाल पुलिस ने घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है और गिरफ्तार आरोपी से आगे की पूछताछ जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *