मुजफ्फरनगर के गायक अक्की रैपकिंग का गाना वेलकम टू माय हुड हुआ वायरल, 24 घंटे में 1 लाख से ज्यादा व्यूज पार
ट्रैक्टर, खेत और देसी कल्चर… अक्की रैपकिंग का ‘वेलकम टू माय हुड’ युवाओं के दिलों पर छाया

मुजफ्फरनगर : जनपद की पहचान अब केवल चीनी और गुड़ तक सीमित नहीं रही, बल्कि यहाँ का युवा अब संगीत के जरिए शहर की संस्कृति को ग्लोबल मंच पर ले जा रहा है। मुजफ्फरनगर निवासी गायक अक्की रैपकिंग का नया गाना ‘वेलकम टू माय हुड’ रिलीज होते ही वायरल हो गया है। मात्र 24 घंटे के भीतर इस गाने ने 1 लाख से अधिक व्यूज बटोर कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
अक्की रैपकिंग के अनुसार यह गाना पूरी तरह से मुजफ्फरनगर की मिट्टी और यहाँ के रहन-सहन को समर्पित है। गाने के माध्यम से जनपद की एक सकारात्मक छवि पेश करने की कोशिश की गई है। गाने के वीडियो में मुजफ्फरनगर के लहलहाते खेत-खलिहान और शान की सवारी ‘ट्रैक्टर’ को प्रमुखता से दिखाया गया है।
यहाँ के खान-पान की जान यानी शुद्ध घी और दूध के कल्चर को हिप-हॉप के तड़के के साथ पेश किया गया है। टीम मेंबर प्रियांश तोमर ने बताया कि गाने में केवल दिखावा नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे को भी बखूबी पिरोया गया है। अंजलि गुप्ता के मुताबिक गाने में ‘देसी कल्चर’ को मुख्य आधार बनाया गया है, जो युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ता है। उनका यही प्रयास रहता है कि मेरे जनपद मुजफ्फरनगर की एक अलग और शानदार पहचान बने। ‘वेलकम टू माय हुड’ उसी दिशा में एक कोशिश है। गाना लॉन्च होते ही युवाओं के बीच इस कदर लोकप्रिय हुआ है कि इंस्टाग्राम और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर इस गाने पर रील बनाने की होड़ मची है।