धूमधाम से मनाया जाएगा पूज्य श्री भगवान आश्रम महाराज जी के संत दीक्षा का तृतीय पावन वर्ष
आध्यात्मिक पुस्तक”आत्म बोध” चेतना के पुष्प का किया जायेगा विमोचन
स्वामी श्रीभगवान आश्रम महाराज के तीसरे दीक्षा दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे दिनेश शर्मा
मंत्री कपिल देव अग्रवाल व चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण

मुजफ्फरनगर: पचैंडा रोड स्थित दिव्य ध्यान योग आश्रम में रविवार 10 मई को सुबह सात बजे से अखंड रामायण पाठ प्रारंभ होकर 11 मई को सुबह 9 बजे तक चलता रहेगा। इसके पश्चात 11 मई को सुबह 9 बजे से स्वामी श्रीभगवान आश्रम जी महाराज के तृतीय दीक्षा दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह का माहौल बना हुआ है। इस भव्य धार्मिक आयोजन में उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा के उपसभापति दिनेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव ने लखनऊ पहुंचकर डॉ. दिनेश शर्मा को कार्यक्रम का निमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार करते हुए अपनी सहमति प्रदान की।
दिव्य ध्यान योग आश्रम में आयोजित होने वाले इस धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन के अंतर्गत अखंड रामायण पाठ, भजन-कीर्तन, हवन-पूजन, विशाल भंडारा तथा “आत्मबोध-चेतना के पुष्प” नामक आध्यात्मिक पुस्तक का विमोचन भी किया जाएगा। यह आयोजन पचैंडा रोड स्थित दिव्य ध्यान योग आश्रम, गली नंबर-2, बचनसिंह कॉलोनी में संपन्न होगा।
स्वामी श्रीभगवान आश्रम महाराज ने बताया कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं एवं नैतिक मूल्यों के संरक्षण और प्रसार का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में प्रदेशभर से संत-महात्मा, धर्माचार्य एवं हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे। मीडिया से बात करते हुए वरिष्ठ नेता केके शर्मा
ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सामाजिक समरसता और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
इधर कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। आज सुबह मंत्री कपिल देव अग्रवाल एवं चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप ने दिव्य ध्यान योग आश्रम पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस अवसर पर केके शर्मा, संदीप शर्मा, अमित वत्स, ऋषभदेव शर्मा, सतेंद्र शर्मा, रवि शर्मा, विशाल कश्यप, रमन शर्मा, गोपाल शर्मा, अविनाश शर्मा, संजय गौतम एवं पंकज शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।