आर्य एकेडमी इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से मनाया गया मदर्स डे

मुजफ्फरनगर : आर्य एकेडमी इंटरनेशनल स्कूल में आज मातृ दिवस के अवसर पर एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों के जीवन में माँ के निस्वार्थ प्रेम,त्याग और समर्पण के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या और मुख्य अतिथि सोमलता जी एवम उपस्थित माताओं द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न मनोरंजक एवं रचनात्मक गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनमें माताओं के लिए विशेष गेम्स, स्टिचिंग, पेंटिंग तथा कुकरी एक्टिविटी शामिल रहीं। माताओं ने पूरे उत्साह एवं आनंद के साथ इन गतिविधियों में भाग लिया।
इसके अतिरिक्त आकर्षक रैम्प वॉक का आयोजन भी किया गया, जिसमें माताओं ने आत्मविश्वास एवं गरिमा के साथ अपनी प्रस्तुति दी। बच्चों ने अपनी माताओं के प्रति प्रेम व्यक्त करते हुए सुंदर गीत प्रस्तुत किए तथा मनमोहक नृत्य भी किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने सभी उपस्थित लोगों को भावुक एवं आनंदित कर दिया।

कार्यक्रम के अंतर्गत मानसिक स्वास्थ्य एवं सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने हेतु मेंटल वेल-बीइंग सेशन का भी आयोजन किया गया, जिसे नियति चौधरी द्वारा संचालित किया गया। इस सत्र में माताओं को मानसिक संतुलन, तनाव प्रबंधन एवं आत्म-देखभाल के महत्व के बारे में उपयोगी जानकारी दी गई।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सोनिका आर्य ने सभी माताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एक माँ परिवार एवं समाज की मजबूत नींव होती है और उनका योगदान अतुलनीय है। कार्यक्रम का समापन खुशी, उत्साह एवं भावनात्मक माहौल के साथ हुआ।