मुजफ्फरनगर कैमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन का ऐलान: लाइसेंसधारी दवा व्यापारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं करेंगे

मुजफ्फरनगर कैमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन का ऐलान: लाइसेंसधारी दवा व्यापारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं करेंगे


मुजफ्फरनगर: मुजफ्फरनगर कैमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक जिला परिषद प्रांगण स्थित मैक्स एंटरप्राइजेज कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में उत्तर प्रदेश में सर्वे के आधार पर लाइसेंसधारी दवा व्यापारियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि जिन दवा व्यापारियों ने विधिवत लाइसेंस लेकर नियमानुसार अपना व्यवसाय स्थापित किया है, उन्हीं को सर्वे के नाम पर परेशान किया जा रहा है। इससे दवा व्यापारियों में असंतोष बढ़ रहा है और वे स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। संगठन का कहना है कि प्रशासन का ध्यान उन लोगों पर होना चाहिए जो बिना लाइसेंस और अवैध रूप से दवाओं का कारोबार कर रहे हैं तथा दवाओं का दुरुपयोग कर रहे हैं।
एसोसिएशन ने प्रदेश के प्रमुख सचिव और मुख्य सचिव से मांग की कि लाइसेंसधारी दवा व्यापारियों का उत्पीड़न तत्काल रोका जाए। संगठन का कहना है कि कार्रवाई केवल उन लोगों के खिलाफ होनी चाहिए जो अनाधिकृत तरीके से दवाओं का व्यापार या दुरुपयोग कर रहे हैं। ईमानदारी से नियमों का पालन करने वाले व्यापारियों को अनावश्यक रूप से परेशान करना उचित नहीं है।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि सर्वे के नाम पर लाइसेंसधारी दवा व्यापारियों का उत्पीड़न जारी रहा तो संगठन इसके विरोध में व्यापक आंदोलन करने पर विचार करेगा।
बैठक में जिला अध्यक्ष सुभाष चौहान, संस्थापक चेयरमैन प्रमोद मित्तल, चेयरमैन सतपाल सिंह, संरक्षक डॉ. आर.के. गुप्ता, जिला कोऑर्डिनेटर सुधीर मटरोजा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुकेश सोम, कार्यवाहक महामंत्री दिव्य प्रताप सोलंकी, कोषाध्यक्ष सतीश तायल, संगठन मंत्री सुबोध जैन, सचिन त्यागी, कुलदीप शर्मा, पंकज तनेजा, विकास दीप तोमर, संदीप चौहान सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *