मुजफ्फरनगर में निजी हॉस्पिटल पर इलाज में लापरवाही का आरोप
नवजात की मौत के बाद गर्भवती महिला मेरठ रेफर, हालत गंभीर
अस्पताल पर धरने पर बैठ गए परिजन और हिंदूवादी संगठन के लोग

मुजफ्फरनगर : उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर में रुड़की रोड स्थित एक प्राइवेट हॉस्पिटल एक बार फिर विवादों घिर गया है जब थाना पुरकाजी क्षेत्र के गांव कैल्लनपुर निवासी एक परिवार ने अस्पताल के डॉक्टरों पर इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों का दावा है कि कथित लापरवाही के चलते 27 वर्षीय गर्भवती महिला सोनम के गर्भ में पल रहे शिशु की मौत हो गई, जबकि महिला की हालत बिगड़ने पर उसे मेरठ के अस्पताल रेफर करना पड़ा, जहां उसका उपचार जारी है पीड़ित महिला की हालत गंभीर बनी हुई है ।
पीड़ित परिवार के अनुसार, 18 जून को सोनम को प्रसव के लिए इंडियन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का कहना है कि अल्ट्रासाउंड के बाद डॉक्टरों ने बच्चे की धड़कन कम होने की बात बताई और ऑपरेशन की सलाह दी। उनका आरोप है कि उपचार के लिए लगभग 30 हजार रुपये लिए गए। ऑपरेशन के बाद शिशु मृत पैदा हुआ तथा महिला की हालत लगातार बिगड़ती चली गई। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने उसे मेरठ रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित परिवार के समर्थन में अखिल भारतीय हिंदू शक्ति दल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया गया और मामले की निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों पर कार्रवाई की मांग उठाई गई।
सूचना मिलने पर डिप्टी सीएमओ डॉ. अजय कुमार एवं डॉ. महक सिंह पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल के दस्तावेजों की जांच की और संबंधित चिकित्सकों से जानकारी ली। डिप्टी सीएमओ डॉ. अजय कुमार ने बताया कि संबंधित डॉक्टरों को नोटिस जारी कर दिया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर मामले की जांच के लिए विशेष बोर्ड गठित किया जाएगा, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, पीड़ित परिवार ने थाना सिविल लाइन में तहरीर देकर संबंधित डॉक्टरों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पूरे मामले की जांच स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जा रही है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।