गौ माता को राष्ट्रमाता बनाने के लिए 24 जुलाई से आंदोलन का ऐलान करेंगे शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद

मुजफ्फरनगर : 21 जून। गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित किए जाने की मांग को लेकर देशव्यापी अभियान चला रहे परम पूज्य शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने शनिवार रात मुजफ्फरनगर में आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा की सरकार होने के बावजूद आज गौ माता दर-दर भटकने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि न तो पर्याप्त गौ आश्रय स्थल बनाए गए हैं और न ही गोवंश की दुर्दशा रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए गए हैं।
नगर के कृष्णा पैलेस वेंकट हॉल में क्रांतिसेना द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शंकराचार्य ने कहा कि वह उत्तर प्रदेश की सभी 425 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर जनता के बीच इस मुद्दे को लेकर जनजागरण करेंगे। उन्होंने बताया कि उनकी यात्रा 22 जुलाई को पूरी होगी तथा 23 जुलाई तक राज्य सरकार के निर्णय का इंतजार किया जाएगा। यदि सरकार कोई ठोस निर्णय नहीं लेती है तो 24 जुलाई को लखनऊ स्थित मान्यवर कांशीराम पार्क से राष्ट्रव्यापी आंदोलन की घोषणा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यदि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे गौ माता को राज्य माता का दर्जा दे सकते हैं तो उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी ऐसा निर्णय ले सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि आगामी चुनाव में यह याद रखा जाए कि उन्हें “गौरक्षकों की सरकार चाहिए या गोभक्षकों की सरकार।”
शंकराचार्य ने यह भी कहा कि उनके अनुसार देश का मुसलमान समाज और कई संवैधानिक संस्थाएं भी गौ माता को राष्ट्रमाता बनाने के पक्ष में हैं तथा इस विषय पर विभिन्न स्थानों पर आंदोलन और प्रदर्शन किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा इस मुद्दे पर मौन है। उन्होंने कहा कि आने वाला चुनाव सड़क, बिजली और पानी के मुद्दों पर नहीं बल्कि गौ माता के सम्मान के मुद्दे पर लड़ा जाएगा।
कार्यक्रम में लगभग दो घंटे विलंब से पहुंचने के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और मातृशक्ति की उपस्थिति पर उन्होंने क्रांतिसेना के अध्यक्ष ललित मोहन शर्मा को बधाई दी।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष शरद कपूर, जिला अध्यक्ष मुकेश त्यागी, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष पूनम चौधरी, नगर अध्यक्ष उज्ज्वल पंडित, युवा जिला अध्यक्ष विकास पुंडीर, प्रबुद्ध प्रकोष्ठ अध्यक्ष आलोक अग्रवाल, कला एवं सांस्कृतिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष वेद प्रकाश शर्मा सहित अनेक पदाधिकारियों ने गौ माता की प्रतिमा भेंट कर शंकराचार्य का सम्मान किया।
इंडियन फार्मासिस्ट एसोसिएशन के गौतम कुमार एवं उनकी टीम ने गौ माता को राष्ट्रमाता बनाने के अभियान के समर्थन में ज्ञापन सौंपा। वहीं, नगर में गौशाला संचालन और घायल गोवंश के उपचार में सक्रिय क्रांतिसेना के गौरक्षक अनुज चौधरी को शंकराचार्य ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
समाजसेवी नादिर राणा और मधुप शर्मा ने गौ माता पर आधारित पुस्तक शंकराचार्य को भेंट की। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी नेता राकेश शर्मा तथा चरथावल विधायक पंकज मलिक भी मौजूद रहे। दोनों ने शंकराचार्य द्वारा कराई गई पूजा-अर्चना में भाग लिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में दीपक शर्मा, पंडित देव शरण शास्त्री, बृज बिहारी अत्री, संजय शर्मा, राजेंद्र तायल, नितिन, योगेंद्र सैनी, नितिन सैनी, राणा, सुरेश प्रजापति, रमेश गुप्ता, राजन वर्मा, ललित रूबेला, आशीष मिश्रा, बृजपाल कश्यप, मनुज कुमार सहित अनेक कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा।