जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला व्यापार बन्धु समिति की बैठक सम्पन्न

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला व्यापार बन्धु समिति की बैठक सम्पन्न

मुजफ्फरनगर : 22 जून 2026 विकास भवन सभागार में आज जिलाधिकारी  उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला व्यापार बन्धु समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद के व्यापारियों एवं उद्यमियों की विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

बैठक में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष  कृष्ण गोपाल मित्तल, संयुक्त व्यापार संघ संघर्ष समिति एवं नवीन मंडी व्यापार संघ के अध्यक्ष  संजय मिश्रा, जिला अध्यक्ष राकेश त्यागी, जिला अध्यक्ष शलभ गुप्ता, युवा जिलाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, जनार्दन विश्वकर्मा तथा अजय सिंघल सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता करते हुए व्यापारियों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

बैठक में व्यापारिक लाइसेंसों के नवीनीकरण में गारंटर व्यवस्था से उत्पन्न होने वाली समस्याओं, जानसठ रोड पर नाला एवं सड़क निर्माण कार्य, विद्युत आपूर्ति व्यवस्था तथा अन्य व्यापारिक एवं जनहित से जुड़े विषयों पर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा हुई।

जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने जनपद के सभी व्यापारिक एवं औद्योगिक संगठनों से नगर के विकास, स्वच्छता एवं सौन्दर्यीकरण कार्यों में सक्रिय सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया।

बैठक का सफल संचालन सहायक आयुक्त व्यापार कर श्री शोभित श्रीवास्तव द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी श्री कमल किशोर कंडारकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई तथा व्यापारियों ने अपनी समस्याओं के समाधान हेतु जिलाधिकारी द्वारा दिए गए आश्वासन पर संतोष व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *