इण्डियन पोटाश लिमिटेड की रोहाना डिस्टलरी में ऑन-साइट इमरजेंसी मॉक ड्रिल, एथनॉल अग्नि दुर्घटनाओं से निपटने का किया अभ्यास

इण्डियन पोटाश लिमिटेड की रोहाना डिस्टलरी में ऑन-साइट इमरजेंसी मॉक ड्रिल, एथनॉल अग्नि दुर्घटनाओं से निपटने का किया अभ्यास


मुज़फ्फरनगर, 27 जून 2026। औद्योगिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इण्डियन पोटाश लिमिटेड (आईपीएल) की डिस्टलरी यूनिट, रोहाना में ऑन-साइट इमरजेंसी प्लान के तहत एथनॉल से संभावित अग्नि दुर्घटनाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सफल मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास का उद्देश्य आपातकालीन स्थिति में कर्मचारियों की तत्परता, समन्वय और सुरक्षा व्यवस्था का परीक्षण करना था।
मॉक ड्रिल का संचालन वरिष्ठ अधिकारी (फायर एंड सेफ्टी) मोहित कुमार बालियान, सहायक महाप्रबंधक (डिस्टलरी) भारत सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) राकेश कुमार तिवारी तथा उत्पादन इंचार्ज अर्पित सैनी के निर्देशन में किया गया। अभ्यास के दौरान एथनॉल से संबंधित संभावित अग्निकांड की काल्पनिक स्थिति तैयार कर कर्मचारियों को अलर्ट जारी किया गया, जिसके बाद फायर एंड सेफ्टी टीम ने निर्धारित मानकों के अनुसार त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित करने का प्रदर्शन किया।
मॉक ड्रिल में कर्मचारियों को सुरक्षित निकासी (इवैक्यूएशन), अग्निशमन उपकरणों के प्रभावी उपयोग, आपातकालीन सूचना प्रणाली, प्राथमिक उपचार तथा समन्वित बचाव कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। अधिकारियों ने कर्मचारियों को बताया कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करना ही जन-धन की सुरक्षा का सबसे प्रभावी उपाय है।
इस अवसर पर उपकरण प्रबंधक मनोज मलिक, विद्युत प्रबंधक विवेक कुमार, स्टोर इंचार्ज विश्वजीत त्यागी, अशोक कुमार त्यागी, प्रदीप कुमार शर्मा, मुख्य सुरक्षा अधिकारी, जिला अग्निशमन विभाग की टीम तथा डिस्टलरी इकाई के सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने मॉक ड्रिल की समीक्षा करते हुए सुरक्षा मानकों के निरंतर पालन, नियमित प्रशिक्षण और समय-समय पर ऐसे अभ्यास आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की मॉक ड्रिल न केवल कर्मचारियों की आपदा प्रबंधन क्षमता को मजबूत बनाती हैं, बल्कि किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित कर औद्योगिक परिसर में सुरक्षित कार्य वातावरण बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *