ओवर स्पीडिंग के खिलाफ यातायात पुलिस का विशेष अभियान, 54 वाहनों के चालान, 21 रोडवेज बसें भी शामिल

ओवर स्पीडिंग के खिलाफ यातायात पुलिस का विशेष अभियान, 54 वाहनों के चालान, 21 रोडवेज बसें भी शामिल


मुजफ्फरनगर : श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल एवं सुरक्षित संपन्न कराने के उद्देश्य से मुजफ्फरनगर यातायात पुलिस ने ओवर स्पीडिंग करने वाले वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाते हुए 54 वाहनों के चालान किए। इनमें 21 रोडवेज बसें भी शामिल हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में बुधवार (05 अगस्त 2026) को पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी यातायात नगर राधा रमण एवं यातायात प्रभारी राकेश कुमार के नेतृत्व में थाना नई मंडी क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे स्वयं मौके पर मौजूद रहे और ओवर स्पीडिंग करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई का निरीक्षण किया। चेकिंग के दौरान निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करते पाए गए 54 वाहनों के चालान किए गए, जिनमें 21 रोडवेज बसें भी शामिल थीं।
यातायात पुलिस ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य कांवड़ यात्रा के दौरान सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रखना तथा आमजन और कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
वाहन चालकों से यातायात पुलिस की अपील
यातायात पुलिस ने सभी वाहन चालकों एवं जनपदवासियों से अपील की है कि—
यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुंचें।
शराब पीकर वाहन न चलाएं।
वाहन चलाते समय धैर्य एवं सतर्कता बनाए रखें।
दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें।
तीन सवारी बैठाकर वाहन न चलाएं।
निर्धारित गति सीमा का पालन करते हुए सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
मुजफ्फरनगर पुलिस ने कहा कि “आपकी थोड़ी-सी सावधानी किसी की जान बचा सकती है।” पुलिस ने सभी नागरिकों से कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित एवं सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *