एनसीसी कैडेट बनने के लिए छात्रों ने दिखाया जोश, चयन प्रक्रिया में 51 छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा

एनसीसी कैडेट बनने के लिए छात्रों ने दिखाया जोश, चयन प्रक्रिया में 51 छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा


मुजफ्फरनगर :  82 यूपी एनसीसी बटालियन मुजफ्फरनगर के कमान अधिकारी कर्नल प्रवीण भाल के कुशल नेतृत्व में प्रशिक्षण वर्ष 2026-27 के लिए एनसीसी कैडेट्स के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में मंगलवार, 18 अगस्त को पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय मुजफ्फरनगर में एनसीसी कैडेट्स के नामांकन एवं चयन के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
चयन प्रक्रिया में विद्यालय के कुल 51 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया, जिसमें 28 छात्र और 23 छात्राएं शामिल रहीं। एनसीसी में चयन के लिए प्रतिभागियों की शारीरिक क्षमता और फिटनेस को परखने के उद्देश्य से 1600 मीटर दौड़, पुश-अप, सिट-अप तथा शारीरिक नापतोल जैसी विभिन्न गतिविधियां कराई गईं। इसके बाद अभ्यर्थियों के सामान्य ज्ञान का आकलन करने के लिए लिखित परीक्षा भी आयोजित की गई।
विद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य सौरभ कुमार एवं सहयोगी एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट आदेश कुमार ने चयन प्रक्रिया में शामिल छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने एनसीसी के महत्व और राष्ट्र निर्माण में कैडेट्स की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने बताया कि एनसीसी के माध्यम से विद्यार्थियों को एक आदर्श एवं कुशल नागरिक बनने के लिए आवश्यक गुणों का विकास करने का अवसर मिलता है। साथ ही उन्हें सेना की कार्यप्रणाली से संबंधित सामान्य जानकारी और प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है, जिससे युवाओं में देश सेवा तथा सेना में शामिल होने के प्रति उत्साह पैदा हो।
चयन प्रक्रिया के अंतर्गत प्रशिक्षण वर्ष 2026-27 के प्रथम वर्ष के लिए कुल 29 छात्र-छात्राओं का एनसीसी कैडेट्स के रूप में चयन किया जाएगा। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विद्यालय में एनसीसी की नियमित प्रशिक्षण गतिविधियां और सामान्य प्रशिक्षण परेड शुरू की जाएंगी। विद्यार्थियों ने चयन प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर एनसीसी के प्रति अपने उत्साह और देशसेवा की भावना का परिचय दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *